राजस्थान में तेज होने लगे गर्मी के तेवर

 




जयपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर समेत पूरे राजस्थान में आंधी-बारिश का दौर थमते ही अब गर्मी ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कुछ हिस्सों में आज आंशिक बादल छाने की संभावना है, हालांकि बारिश की संभावना बेहद कम बताई गई है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर और जालोर सहित अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 39 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

राजधानी जयपुर में शुक्रवार को दिनभर तेज धूप रही, जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई। हालांकि तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है, लेकिन दोपहर के समय गर्मी का असर साफ महसूस किया गया।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार 11 अप्रैल को एक हल्के पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, फलोदी और चूरू क्षेत्र में आंशिक बादल छाने की संभावना है। इस दौरान तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले सप्ताह में राज्य के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। फिलहाल मौसम साफ रहने और तेज धूप के कारण दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी जारी रहेगी।

विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम के इस बदलाव के साथ ही लोगों को गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की जरूरत है, क्योंकि आने वाले दिनों में तापमान और अधिक बढ़ सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित