बालेसर में बनेगा इंटीग्रेटेड गौरव सेनानी कॉम्प्लेक्स

 


जोधपुर, 04 सितम्बर (हि.स.)। जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे-125 पर बालेसर के पास फलोदी रोड फांटा पर इंटीग्रेटेड गौरव सेनानी कॉम्प्लेक्स बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। राजस्थान सरकार की बजट घोषणा-2026 के तहत प्रदेश में बनने वाले चार कॉम्प्लेक्स में से एक यहां बनाया जाएगा। प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स का डिजाइन और अनुमान तैयार करने के लिए जयपुर से पीडब्ल्यूडी की विशेष टीम शुक्रवार को मौके पर पहुंची।

पीडब्ल्यूडी के मुख्य वास्तुकार एलएन भंवरिया और सहायक मुख्य वास्तुकार देवेश माथुर के नेतृत्व में टीम ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। सैनिक कल्याण विभाग को आवंटित करीब 9 बीघा 3 बिस्वा जमीन पर टीम ने ढलान, ऊंचाई-नीचाई, पहाड़ी बनावट, ले-आउट और आसपास के प्राकृतिक नजारों का बारीकी से अध्ययन किया। इस दौरान जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (डॉ.) बलदेव सिंह मानव, पीडब्ल्यूडी की सहायक अभियंता राशी माथुर और रेखा चौधरी भी मौजूद रहीं।

कोणार्क और जैसलमेर वॉर मेमोरियल का भी किया अध्ययन

कॉम्प्लेक्स का डिजाइन बेहतर और प्रभावी बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी टीम ने जोधपुर के कोणार्क वॉर मेमोरियल और जैसलमेर वॉर मेमोरियल का भी अध्ययन किया है। मुख्य वास्तुकार एलएन भंवरिया ने बताया कि प्रस्तावित स्थल की भौगोलिक स्थिति का अध्ययन कर सुंदर और उपयोगी डिजाइन तैयार किया जाएगा। डिजाइन तैयार होने के बाद इसे जल्द सरकार को सौंपा जाएगा। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (डॉ.) बलदेव सिंह मानव ने बताया कि कॉम्प्लेक्स का उद्देश्य शेरगढ़ की सैन्य विरासत और गौरव सेनानियों के बलिदान को संरक्षित करना है। यह परिसर गौरव सेनानियों, वीर नारियों और उनके परिवारों के सम्मान का प्रतीक बनेगा। साथ ही, नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति और देश सेवा के लिए प्रेरित करने का माध्यम भी बनेगा। कॉम्प्लेक्स का डिजाइन तैयार होने के बाद निर्माण का अनुमान और टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। अधिकारियों के अनुसार डिजाइन और एस्टीमेट तैयार होने के बाद परियोजना के अगले चरण में तेजी आने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश