डीपीएनजी कनेक्शन बढ़ाने के निर्देश
जयपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर में अतिरिक्त मुख्य सचिव (खान एवं पेट्रोलियम) अपर्णा अरोरा ने राज्य की सीजीडी (सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन) संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि वे जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाते हुए शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को डीपीएनजी (डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन से जोड़ें।
सचिवालय में आयोजित वर्चुअल बैठक में उन्होंने कहा कि सीजीडी संस्थाएं जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को पाइपलाइन से घरेलू गैस सुविधा से जोड़ें और चरणबद्ध तरीके से कॉलोनियों को एलपीजी फ्री जोन घोषित करने की कार्ययोजना तैयार करें। इससे लोगों को 24×7 सुरक्षित, सस्ती और हरित ऊर्जा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
अरोरा ने निर्देश दिए कि जिला कलेक्टर नियमित मॉनिटरिंग करें और प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं। जहां पीएनजी का आधारभूत ढांचा तैयार है, वहां कॉलोनी स्तर पर शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक कनेक्शन जारी किए जाएं।
उन्होंने बताया कि पिछले 15 दिनों में करीब छह हजार परिवारों को डीपीएनजी कनेक्शन दिए गए हैं, जबकि आगामी 15 दिनों में 8500 और परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में रीको के औद्योगिक क्षेत्रों सहित पाली टेक्सटाइल क्लस्टर, भीलवाड़ा, कोटा, विश्वकर्मा और महेंद्र सेज जैसे क्षेत्रों को पीएनजी सेवाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मल्टीस्टोरी बिल्डिंग, हॉस्टल, ढाबे, अस्पताल और रेस्टोरेंट में प्राथमिकता से कनेक्शन देने को कहा गया।
मानव संसाधन की कमी पर उन्होंने कहा कि राजस्थान स्किल एंड लिवलीहुड्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के माध्यम से प्रशिक्षित प्लंबरों की सूची उपलब्ध कराई जा रही है। सीजीडी संस्थाएं इन्हें गैस कनेक्शन से संबंधित प्रशिक्षण देकर कार्य में तेजी लाएं, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। बैठक में संयुक्त सचिव नम्रता वृष्णि, राजस्थान स्टेट गैस के प्रबंध निदेशक विनय पाटनी सहित अन्य अधिकारी और सीजीडी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित