मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार और पीएम विश्वकर्मा योजना के लंबित प्रकरण जल्द निपटाने के निर्देश
जयपुर, 13 जून (हि.स.)। जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में जिला कलक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं पीएम विश्वकर्मा योजना की प्रगति और लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों योजनाओं के तहत बैंकों में लंबित आवेदनों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र जयपुर (शहर) की ओर से योजनाओं की वर्तमान प्रगति तथा बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों की जानकारी प्रस्तुत की गई। जिला कलक्टर ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र आवेदनों पर शीघ्र निर्णय लेते हुए स्वीकृतियां जारी की जाएं और लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में नायक ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) राजीव द्विवेदी ने भी बैंक अधिकारियों को लंबित आवेदनों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए तथा योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए सभी विभागों और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
अग्रणी जिला प्रबंधक गणेश कुमार ने बैठक में आश्वस्त किया कि आगामी 15 दिनों के भीतर बैंक स्तर पर लंबित आवेदन पत्रों का निस्तारण कर पात्र प्रकरणों में स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, प्रगति की सतत समीक्षा करने तथा अधिक से अधिक पात्र युवाओं और कारीगरों को इन योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) राजीव द्विवेदी, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र जयपुर (शहर) की महाप्रबंधक डॉ. अनुकृति सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक गणेश कुमार सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित