जीएम ने किया जोधपुर-बाड़मेर रेलखंड का निरीक्षण

 


जोधपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के नव नियुक्त महाप्रबंधक पंकज कुमार ने शनिवार को जोधपुर-बाड़मेर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल संचालन, संरक्षा और यात्री सुविधाओं का व्यापक जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल पथ, सिग्नलिंग व्यवस्था तथा सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन से जुड़े विभिन्न मानकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महाप्रबंधक के पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार जोधपुर मंडल आगमन पर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान डीआरएम ने बालोतरा एवं बाड़मेर स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों तथा मंडल में प्रगति पर चल रही अन्य विकास परियोजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने नव निर्मित स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, आधुनिक प्रतीक्षालय, बुकिंग काउंटर, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का अवलोकन कर कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही स्टेशन पर उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों के रखरखाव, संरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्य दक्षता की भी विस्तार से जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) विवेक सक्सेना, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) ज्योतिकुमार सतीजा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गति शक्ति) सुनील कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, मुख्य परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी आरएन जाट, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार) अनुपम कुमार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तरुण बीका सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश