राज्य मुख्य आयुक्त ने स्काउट गाइड कार्यालय का किया निरीक्षण

 


जोधपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड के मुख्य आयुक्त व पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने जिला मुख्यालय जोधपुर कार्यालय का अवलोकन कर यहां की दैनिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। वर्तमान में संचालित शिविरों, नवीन पंजीकरण तथा स्थानीय संघों के गठन पर सहायक राज्य संगठन आयुक्त छतर सिंह पीडीयार, सीओ गाइड निशु कंवर व अन्य अधिकारियों के साथ जिले की प्रगति पर चर्चा की।

सरदारपुरा गर्ल गाइड मुख्यालय पर स्थित पुनर्निमित आधुनिक जल मंदिर की सुविधा के लिए भी स्थानीय अधिकारियों तथा भामाशाह अनिवासी भारतीय विजय शर्मा का आभार प्रकट किया, जिन्होंने अपनी मां की स्मृति में जल मंदिर स्काउट गाइड कार्यालय को समर्पित किया।

जिला सचिव डॉ बीएल जाखड़ ने बताया कि राज्य मुख्य आयुक्त आर्य ने जोधपुर जिला मुख्यालय पर स्थित सरदारपुरा स्थित गर्ल गाइड मुख्यालय के भवन तथा पास के प्रशिक्षण मैदान तथा टेंट व्यवस्था का अवलोकन किया। वहीं शास्त्रीनगर स्थित कॉक्स कुटीर भवन के समुचित उपयोग हेतु बालिका विद्यालय संचालित करने एवं पास के मैदान में गाइड तथा रेंजर के आवधिक शिविर आयोजित करने के लिए सुविधाएं विकसित करने के निर्देश भी दिए। जिला सचिव डॉ बी एल जाखड़ ने तीनों ही प्रशिक्षण केंद्रों पर निरंतर आयोजित होने वाले भिन्न-भिन्न प्रशिक्षण, संगोष्ठियों तथा जिला रैली की जानकारी दी। साथ ही सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन का भी ब्यौरा प्रस्तुत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश