शिशु गृह में रह रहे मासूम राजवीर को परिजनों से मिलाने की पहल

 


जैसलमेर, 25 जून (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जैसलमेर के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने जिले में संचालित शिशु गृह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिशु गृह में उपलब्ध सुविधाओं, बच्चों के रहन-सहन, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

निरीक्षण के दौरान उन्हें अधिकारियों द्वारा शिशु गृह में रह रहे एक बालक राजवीर पुत्र नवीन के संबंध में जानकारी दी गई। बालक की आयु लगभग 4 वर्ष है तथा उसकी माता का नाम संतोष बताया गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार उसका निवास स्थान भगवासिया, जोधपुर है। यह बालक कुछ समय पूर्व रामदेवरा रेलवे स्टेशन पर निराश्रित अवस्था में मिला था, जिसके बाद उसे संरक्षण एवं देखभाल के लिए शिशु गृह में रखा गया। वर्तमान में बालक शिशु गृह में सुरक्षित है एवं उसकी समुचित देखभाल की जा रही है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बालक के परिजनों का पता लगाने एवं उसे उसके परिवार से पुनः मिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस दिशा में प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष ने आमजन से संवेदनशील सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त बालक राजवीर, उसके माता-पिता अथवा उसके परिवार के संबंध में कोई जानकारी हो तो वे तत्काल शिशु गृह के मोबाइल नंबर 7727994151 एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के हेल्पलाइन नंबर 8306002123 से संपर्क कर सूचना प्रदान करे। नागरिकों के सहयोग से एक मासूम बच्चे को उसके परिवार से मिलाने का यह मानवीय प्रयास सफल हो सकता है।

बाल अधिकारों की रक्षा एवं बच्चों के पुनर्वास के लिए कार्यरत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाएं, ताकि बालक के परिजनों का शीघ्र पता लगाया जा सके और उसे अपने परिवार का स्नेह पुनः प्राप्त हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव