बैंक कर्मचारियों को दी आयकर प्रावधानों की जानकारी
टीडीएस-टीसीएस व आयकर प्रावधानों पर जागरूकता संगोष्ठी आयोजित
जोधपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। आयकर आयुक्त जयपुर शैलेंद्र शर्मा के निर्देशन में आयकर विभाग टीडीएस रेंज जोधपुर द्वारा बॉम्बे मर्केंटाइल बैंक में शाखा प्रबंधक, सहायक शाखा प्रबंधक, आहरण एवं वितरण अधिकारी (डीडीओ), प्रोबेशनरी ऑफिसर, लिपिकीय कर्मचारियों एवं मार्केटिंग टीम के सदस्यों के साथ टीडीएस-टीसीएस एवं आयकर प्रावधानों पर जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई।
शाखा प्रबंधक मोहम्मद जकारिया जैदी एवं सहायक शाखा प्रबंधक सुरैया मुगल सहित बैंक के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की। आयकर अधिकारी नरेंद्र सांखला एवं दीपाराम धांडे द्वारा प्रतिभागियों को आयकर विभाग की भूमिका तथा कर अनुपालन सुनिश्चित करने में बैंकिंग संस्थानों की जिम्मेदारियों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
उन्होंने टीडीएस-टीसीएस की समय पर कटौती, निर्धारित समय पर सरकारी खाते में जमा करवाने तथा टीडीएस रिटर्न में सही एवं पूर्ण विवरण प्रस्तुत करने के महत्व पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा आयकर अधिनियम के अंतर्गत विभिन्न टीडीएस-टीसीएस प्रावधानों, उनकी प्रयोज्यता, लागू दरों एवं निर्धारित सीमाओं, वैधानिक दायित्वों तथा टीडीएस रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, अनुपालन में आने वाली सामान्य समस्याओं एवं नियमों का पालन नहीं करने पर होने वाले परिणामों के बारे में भी अवगत करवाया गया।
संगोष्ठी के दौरान उपस्थित बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपनी जिज्ञासाएं एवं प्रश्न प्रस्तुत किए गए, जिनका समाधान आयकर निरीक्षक सतपाल यादव एवं कार्यालय अधीक्षक जयप्रकाश चौधरी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में एक संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें टीडीएस-टीसीएस से संबंधित व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश