बुजुर्गों को दी स्वास्थ्य सेवाओं और साइबर सुरक्षा की जानकारी

 


मथुरादास माथुर अस्पताल में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर पखवाड़ा आयोजित

जोधपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मथुरादास माथुर अस्पताल के जिरियाट्रिक विभाग (रामाश्रय) एवं क्षेत्रीय वयोवृद्ध केंद्र के सौजन्य से अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष पखवाड़े का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न जागरूकता व स्वास्थ्य कार्यक्रमों के माध्यम से चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर और स्वस्थ जीवन जीने के गुर सिखाए।

जिरियाट्रिक विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अमित माथुर ने केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को ओपीडी पर्ची, खून की जांच, ईसीजी, एक्स-रे से लेकर डॉक्टरों द्वारा लिखी गई दवाइयां भी सेंटर के डीडीसी केंद्र से नि:शुल्क प्राप्त होंगी। वृद्धजनों को इन सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। कार्यक्रम के दौरान डॉ. अजय प्रजापत ने बताया कि बुजुर्ग मरीज स्वस्थ रहते हुए यह लिखित निर्देश दे सकते हैं कि भविष्य में गंभीर स्थिति में लाइफ सेविंग मशीनों का उपयोग करना है या नहीं। इससे वृद्धजन अपनी इच्छा के अनुसार पहले ही निर्णय ले सकते हैं।

मेडिको सोशल वर्कर अजय कुमार सोलंकी ने बुजुर्गों को ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल और इंटरनेट के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पासवर्ड या बैंक पिन किसी से साझा न करें। अज्ञात नंबरों से वीडियो कॉल पर सावधान रहें। ठगी होने पर तुरंत पुलिस या परिजनों को सूचित करें। फिजियोथेरेपिस्ट मोनिका कल्ला ने बिना पेनकिलर के हीट एंड कोल्ड थेरेपी द्वारा जोड़ों के दर्द व मांसपेशियों के खिंचाव के इलाज की जानकारी दी।

वहीं क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट लक्ष्मी प्रजापत ने बुजुर्गों में डिमेंशिया और मानसिक विकारों के शुरुआती लक्षणों को पहचानने और समय पर इलाज कराने पर जोर दिया। डॉ. अजय प्रजापत व डॉ. अजय सिंधी ने संतुलित आहार, योग और हल्की कसरत से घुटनों व जोड़ों के दर्द को कम करने के उपाय बताए।

अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित, एमजीएच अधीक्षक डॉ फतेहसिंह भाटी और उप-अधीक्षक डॉ. दीपक टाक ने छात्रों के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. प्रतिमा चौहान, प्रो. डॉ. हरीश अग्रवाल, डॉ. कुलदीप जीनगर सहित पूरा नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा। डॉ. हरीश अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए वरिष्ठ नागरिकों के दीर्घायु जीवन की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश