विकास रथों को दिखाई हरी झंडी, गांव-गांव पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी

 


धौलपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और आमजन को सीधे शासन से जोड़ने के उद्देश्य से जिले मे ग्रामीण रथ अभियान की शुरुआत की गई। जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डाॅ. शिवचरण सिंह कुशवाहा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगणों ने विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी टी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह विकास रथ आगामी 15 दिनों तक जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र धौलपुर, बाड़ी, बसेड़ी एवं राजाखेड़ के ग्रामीण इलाकों में भ्रमण करते हुए 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएंगे। रथों के माध्यम से आमजन को न केवल योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, बल्कि उन्हें इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित भी किया जाएगा। भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ. शिवचरण सिंह कुशवाहा ने बताया कि इस अभियान की खास बात यह है कि विकास रथों में सुझाव पेटिका भी रखी गई है, जिससे आमजन अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे। रथों के साथ अधिकारियों की टीम भी तैनात की गई है, जो राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 पर प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण करेगी। इससे शासन की जवाबदेही और पारदर्शिता को और अधिक मजबूती मिलेगी। इस दौरान प्रचार फोल्डर की विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन सोमनाथ, भाजपा नेता मुकेश सक्सैना एवं हरेंद्रराव सहित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बताते चलें कि 29 अप्रैल को विधानसभा बाड़ी के ग्राम जारौली, मालौनी पंवार, नंदपुरा, बसईनवाब में, विधानसभा धौलपुर के ग्राम खेड़ा, बसई सामंता, नरपुरा में, विधानसभा बसेड़ी के ग्राम चिलाचौंद, आंगई, पिपरैठ, रहरई में तथा विधानसभा राजाखेड़ा के ग्राम टांडा, कल्यानपुर, हिनौता, दयेरी में, 30 अप्रैल को विधानसभा बाड़ी के ग्राम शाहपुर, नगला हरलाल, भदियाना, नगला खरगपुर, विधानसभा धौलपुर के ग्राम नैनोखर, बरा, कोलुआ में, विधानसभा बसेड़ी के ग्राम सुनकई, बरौली, बटीकरा, सुरारी कलां में तथा विधानसभा राजाखेड़ा के ग्राम बोथपुरा, सिजरौली, बरैठा, मांगरोल में प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप