इंडिगो फ्लाइट 49 मिनट लेट, सांसद हनुमान बेनीवाल ने उठाए सवाल

 


जयपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली से जयपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट में करीब 49 मिनट की देरी को लेकर नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने एयरलाइन की व्यवस्था और जवाबदेही पर सवाल खड़े किए हैं।

बेनीवाल खुद इस फ्लाइट में सवार थे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली से जयपुर आने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-6131 को रात 8:20 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन निर्धारित समय पर विमान उड़ान नहीं भर सका। फ्लाइट ने करीब 9:09 बजे दिल्ली से उड़ान भरी और रात 10:05 बजे जयपुर पहुंची।

बेनीवाल ने दावा किया कि फ्लाइट के पायलट के समय पर नहीं पहुंचने के कारण उड़ान में देरी हुई। हालांकि, इंडिगो ने सांसद की पोस्ट पर जवाब देते हुए देरी के लिए दिल्ली में लगातार हो रही भारी बारिश और इसके कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में लगे भीषण ट्रैफिक जाम को वजह बताया है।

फ्लाइट में देरी से नाराज सांसद हनुमान बेनीवाल ने सवाल उठाया कि एयरलाइन यात्रियों से समय की पाबंदी की अपेक्षा करती है, लेकिन जब एयरलाइन की अपनी व्यवस्था के कारण फ्लाइट लेट होती है तो जवाबदेही क्यों तय नहीं की जाती। बेनीवाल ने कहा कि अगर कोई आम यात्री किसी कारण से एक घंटे देरी से एयरपोर्ट पहुंचता है तो उसे फ्लाइट में प्रवेश नहीं दिया जाता। ऐसे में सवाल यह है कि जब यात्री समय पर एयरपोर्ट पहुंच जाते हैं और एयरलाइन की फ्लाइट ही निर्धारित समय से करीब एक घंटे देरी से उड़ती है तो इसकी जवाबदेही कौन तय करेगा।

उन्होंने कहा कि यात्रियों के लिए समय की कीमत होती है और एयरलाइन को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

सांसद ने हवाई यात्रा में विश्वस्तरीय सुविधाओं के सरकारी दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर यात्रियों को समय, सम्मान और जवाबदेही से वंचित होना पड़ रहा है।

बेनीवाल ने इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही नया भारत है, जहां आम आदमी के समय और सुविधा की कोई कीमत नहीं है। उनका कहना था कि आम आदमी से अनुशासन और समय की पाबंदी की उम्मीद की जाती है, लेकिन व्यवस्था की लापरवाही पर जवाबदेही तय नहीं होती।

सांसद ने कहा कि समय पर सुविधा उपलब्ध कराना एयरलाइन की जिम्मेदारी है और यात्रियों को होने वाली परेशानी के लिए व्यवस्था को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए। सांसद हनुमान बेनीवाल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से सवाल किया कि क्या इंडिगो की इस देरी पर कार्रवाई की जाएगी। बेनीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी एयरलाइन की देरी के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई।

बेनीवाल इससे पहले भी फ्लाइट में देरी और हवाई यात्रा के दौरान यात्रियों को होने वाली परेशानियों को लेकर एयरलाइन व्यवस्था पर सवाल उठा चुके हैं। इस बार खुद उनके फ्लाइट में सवार होने और विमान के निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भरने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए मामला उठाया। बेनीवाल की पोस्ट के बाद इंडिगो के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से जवाब दिया गया। एयरलाइन ने सांसद की परेशानी पर खेद जताते हुए कहा कि दिल्ली में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई थी। एयरलाइन के अनुसार इसी वजह से फ्लाइट के संचालन में देरी हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित