लोकमंथन यात्रा में भारतीय ज्ञान, परंपरा और विज्ञान का संगम
जोधपुर, 09 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय लोक परंपराओं, ज्ञान-विज्ञान, संस्कृति और जीवन मूल्यों को जनमानस से जोडऩे के उद्देश्य से आयोजित लोकमंथन यात्रा 2026 के जोधपुर आगमन पर महिला पीजी महाविद्यालय के सभागार में विभिन्न संगठनों द्वारा विविध कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की गईं।
लोकमंथन यात्रा ने भारतीय परंपरागत ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के बीच संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।इसी क्रम में विज्ञान भारती जोधपुर महानगर द्वारा राजस्थान की समृद्ध पारंपरिक ज्ञान-विरासत को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से जनसामान्य एवं विद्यार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विज्ञान भारती की ओर से राजस्थान की परम्परागत कृषि, जल संरक्षण, औषधीय पौधों, श्री अन्न एवं पशुपालन विषयों पर आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक पोस्टर प्रदर्शनी लगाई गई।
प्रदर्शनी के माध्यम से राजस्थान की पारंपरिक कृषि पद्धतियों, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा स्थानीय जैव विविधता के महत्व को वैज्ञानिक तथ्यों के साथ प्रस्तुत किया गया। विज्ञान भारती के कार्यक्रम संयोजक डॉ. भरत भट्ट ने बताया कि कार्यक्रम में काजरी के तकनीकी प्रसार एवं प्रशिक्षण विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एस.पी.एस. तंवर, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. कुलदीप सिंह जादौन, महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. निशी माथुर ने छात्राओं को जैविक कृषि एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया तथा उन्हें सह-शैक्षणिक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश