चूरू में वेटरन्स रैली का आयोजन आठ मार्च को
जयपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। सप्त शक्ति कमान की ओर से रणबंकुरा डिवीजन द्वारा आठ मार्च 2026 को चूरू साई स्पोर्ट्स स्टेडियम में गौरव सैनिक समारोह एक वेटरन्स रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन चूरू जिले की आठ तहसीलों के वेटरन्स, वीर नारियों एवं वीरांगनाओं को सम्मानित करने के लिए समर्पित है।
जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) राजस्थान निखिल धवन के अनुसार इस जनसंपर्क कार्यक्रम से 6000 से अधिक वेटरन्स के लाभान्वित होने की अपेक्षा है। भारतीय सेना एवं नागरिक प्रशासन के अनेक वरिष्ठ गणमान्य अधिकारी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे तथा वेटरन्स कल्याण के प्रति सेना की निरंतर प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि करेंगे।
जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार रैली के दौरान प्रदान की जाने वाली मुख्य सेवाओं में स्पर्श के माध्यम से पेंशन सहायता, रिकॉर्ड कार्यालयों एवं सीडीए द्वारा सहयोग, पेंशन खातों केे लिए बैंकिंग सहायता, तथा भूमि एवं विधिक मामलों से संबंधित शिकायतों के निवारण के लिए नागरिक प्रशासन के स्टॉल शामिल होंगे । विशेषज्ञ परामर्श एवं दंत-चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने वाला एक चिकित्सा शिविर भी लगाया जाएगा। नागरिक काउंटर, आधार सेवाएँ तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शन भी प्रदान किये जायेगें। आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन के प्रतिनिधि वेटरन्स को पुनः रोजगार एवं कौशल-विकास पर मार्गदर्शन देंगे। वेटरन्स को बेहतर स्थायित्व एवं सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन तथा विभिन्न नागरिक एजेंसियों के माध्यम से रोजगार अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। सभी उपस्थित लोगों के लिए एक सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन भी आयोजित किया जा रहा है। वहीं कार्यक्रम के दौरान वीर नारियों एवं वेटरन्स को राष्ट्र के प्रति उनके योगदान और त्याग के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह रैली भारतीय सेना के वेटरन्स के साथ अटूट संबंधों को दर्शाती है तथा वेटरन्स, वीर नारियों, वीरांगनाओं एवं उनके परिवारों के कल्याण, सम्मान और कल्याण के प्रति सेना की दृढ़ प्रतिबद्धता को अभिव्यक्त करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश