इंडिया फूड बिजनेस एक्सपो में आठ हजार से अधिक लोगों ने किया विजिट

 


जयपुर, 06 जून (हि.स.)। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में राजस्थान उद्योग व्यापार महासंघ और टीपीएन सोल्यूशंस की ओर से आयोजित इंडिया फूड बिजनेस एक्सपो के दूसरे दिन शनिवार को बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। दूसरे दिन करीब 5 हजार लोगों ने एक्सपो का अवलोकन किया, जबकि दो दिनों में कुल 8 हजार से अधिक विजिटर्स पहुंच चुके हैं।

एक्सपो में प्रदेशभर से फूड इंडस्ट्री से जुड़े उद्यमी, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालक, होटल मैनेजमेंट के विद्यार्थी, शेफ, कुक, डीलर और डिस्ट्रीब्यूटर शामिल हुए। उन्होंने फूड प्रोडक्ट्स, फूड टेक्नोलॉजी, इनोवेटिव उत्पादों और फूड सर्विसेज से जुड़ी नवीन जानकारियां प्राप्त कीं।

दूसरे दिन फूड इंडस्ट्री में भविष्य की संभावनाओं पर तीन तकनीकी सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें विभिन्न औद्योगिक संगठनों और व्यवसायिक क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने भाग लेकर अपने विचार साझा किए।

राजस्थान उद्योग व्यापार महासंघ के चेयरमैन डॉ. अरुण अग्रवाल और अध्यक्ष जगदीश सोमानी ने कहा कि एक्सपो को मिल रहे उत्साहजनक प्रतिसाद को देखते हुए अगले वर्ष इसे और अधिक भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।

टीपीएन सोल्यूशंस के डायरेक्टर एवं आयोजनकर्ता जितेंद्र गोयल ने बताया कि राजस्थान की फूड इंडस्ट्री को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से आयोजित यह पहला प्रयास है। दो दिनों में मिले शानदार प्रतिसाद से आयोजन के उद्देश्य को सफलता मिलती दिखाई दे रही है। उन्होंने बताया कि एक्सपो का तीसरा और अंतिम दिन रविवार को होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश