डूंगरपुर में राष्ट्रभक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस, लक्ष्मण मैदान में जिला स्तरीय समारोह की तैयारियां पूर्ण

 




डूंगरपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार भी राष्ट्रभक्ति, हर्षोल्लास

और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। आगामी 15 अगस्त को शहर के ऐतिहासिक लक्ष्मण मैदान

में आयोजित होने वाले मुख्य जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया

गया है।

जिला कलक्टर देशलदान ने गुरुवार को आयोजन स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर

प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को समय रहते सभी कार्य पूर्ण

करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित

होने वाली परेड, मार्च पास्ट, सलामी, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा दी

जाने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, योगाभ्यास तथा पीटी प्रदर्शन की रूपरेखा का

अवलोकन किया। उन्होंने आयोजन स्थल पर वीआईपी और आमजन की बैठक व्यवस्था, मुख्य

मंच की सजावट, सुरक्षा इंतजाम, यातायात प्रबंधन, निर्बाध पेयजल

आपूर्ति और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी।

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता

दिवस हमारा राष्ट्रीय पर्व है, जो देश की आन-बान-शान और देशभक्ति के जज्बे का

प्रतीक है। इस गरिमापूर्ण आयोजन में शिरकत करने वाले आम नागरिकों, स्वतंत्रता

सेनानियों, जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों को किसी भी प्रकार की असुविधा

नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय और मुस्तैदी के साथ अपनी

जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

इस

अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रकाशचंद्र रेगर, जिला

परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़, उपखंड अधिकारी डूंगरपुर सोनू कुमार गुर्जर, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी नवीनचंद्र मीणा, नगर परिषद

आयुक्त ललितसिंह देथा शामिल थे। इसके अलावा व्याख्याता वैभव पाठक, स्काउट के सीईओ भाविक सुथार, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विमल साद सहित

विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष