किसानों को मिर्च एवं जीरे से आय बढ़ाने का दिया प्रशिक्षण

 


जोधपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। केन्द्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान (काजरी) जोधपुर के निदेशक डॉ. एचएस जाट के मार्गदर्शन में कृषि विज्ञान केन्द्र जोधपुर द्वारा डागा ऑर्गेनिक कृषि फार्म, मथानिया में मिर्च एवं जीरे का कटाई उपरांत प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन विषय पर कृषक प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में तिंवरी एवं मथानिया क्षेत्र के प्रगतिशील कृषकों, एफपीओ सदस्यों एवं आदान विक्रेताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में डॉ. बीएस. राठौड़ ने प्रशिक्षण के उद्देश्यों एवं कटाई उपरांत प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। विशेषज्ञों द्वारा मिर्च एवं जीरे की कटाई, सुखाने, सफाई, ग्रेडिंग, वैज्ञानिक भंडारण, प्रसंस्करण एवं गुणवत्ता संरक्षण की तकनीकों की जानकारी दी गई। साथ ही मूल्यवर्धित उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं विपणन तथा प्रमुख कीट-रोग प्रबंधन पर किसानों को व्यावहारिक सुझाव दिए गए। कृषक-वैज्ञानिक परिचर्चा में किसानों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। इसके पश्चात प्रगतिशील कृषक रतन लाल डागा के जैविक फार्म का भ्रमण कराया गया, जहां प्रतिभागियों ने जीरे की जैविक खेती की तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से जाना। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षणोत्तर मूल्यांकन एवं कृषकों की प्रतिक्रिया ली गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश