मुख्यमंत्री ने किया सी. एम. मूंधड़ा मेमोरियल मेडिसिन विंग का लोकार्पण

 




बीकानेर, 14 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनओं एवं जनसहयोग से स्वस्थ भारत का संकल्प साकार हो रहा है। बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में सी.एम. मूंधड़ा मेमोरियल मेडिसिन विंग का निर्माण इसी संकल्प का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में सी.एम. मूंधड़ा मेमोरियल मेडिसिन विंग का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजस्थानी जहां भी रहे, वह सामाजिक सरोकार से जुड़ा रहता है। हमारे प्रदेश की संस्कृति में सेवा, दान और सामाजिक सरोकारों की समृद्ध परम्परा रही है और यही हमारी पहचान है। उन्होंने कहा कि आर्थिक समृद्धि को समाज की सेवा में लगाने की भावना निश्चित रूप से अन्य भामाशाहों एवं आने वाली पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

उल्लेखनीय है कि पीबीएम अस्पताल में 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 527 बेड की क्षमता वाले चार मंजिला अत्याधुनिक चिकित्सा विंग का निर्माण किया गया है। जिसमें जनरल बेड के 9 वार्ड, 20-20 बेड के 3 आईसीयू वार्ड, 9 बेड का एक आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। इसके साथ ही कुल 53 कॉटेज और वेटिंग हॉल भी बनाया गया है। परिसर में 76 हजार वर्ग फीट का पार्किंग एरिया, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सहित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

इस अवसर केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, खाद्य एव नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, विधायक विश्वनाथ मेघवाल, जेठानंद व्यास, ताराचंद सारस्वत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, ट्रस्ट के पदाधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर