बीकानेर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी आकर्षक मानव श्रृंखला, विद्यार्थियों ने लिया मतदान का संकल्प
बीकानेर, 07 सितंबर (हि.स.)। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी (स्वीप) कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में मानव श्रृंखला एवं मतदान की शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन तथा स्वीप प्रभारी एवं जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आकर्षक मानव श्रृंखला बनाकर आमजन को मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान नए वोटर विद्यार्थी श्रुति ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को मतदान करने की शपथ दिलाई।
स्वीप सह प्रभारी एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के विकास के लंबे इतिहास के बावजूद अनेक देशों में सभी नागरिकों को समान रूप से मतदान का अधिकार प्राप्त नहीं था। उन्होंने बताया कि भारत में आजादी के बाद संविधान के माध्यम से सभी वयस्क नागरिकों को मताधिकार प्रदान किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अपने परिवारजनों, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इससे पूर्व सीडीईओ अरुण कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के गठन एवं उसकी गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
स्वीप समन्वयक प्रशांत जोशी एवं सह-समन्वयक गोपाल जोशी ने स्वीप के तहत आयोजित गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि 25 अगस्त से 7 सितंबर तक कुल 11 विभिन्न मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों एवं संबंधित विभागों के सहयोग से आमजन को मतदान के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में सीडीईओ अरुण शर्मा, डीईओ माध्यमिक राम गोपाल शर्मा , डीईओ प्रारंभिक के.डी. चारण, उप जिला शिक्षा अधिकारी मो रफीक चौहान,स्काउट के एएसओसी रामजस लिखारा, स्काउट सीओ जसवंत राजपुरोहित सहित स्वीप टीम के बजरंग, सहीराम, सुधीर मिश्रा, पवन खत्री, दीपक जोशी, अमरदीप गोदारा, रामकिशन चौधरी, हीरालाल, संतोष, सुनील पूनिया एवं अक्षय, शिक्षक भंवर सिंह तथा शारीरिक शिक्षकों रामकुमार, दुर्गाशंकर, रमेश पड़िहार, मदन कस्वां, विजेंद्र रंगा, दीपक नारायण, दिलीप सिंह, पवन नायक, स्नेहलता एवं अर्चना शुक्ला सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव