1.24 करोड़ से अधिक का अवैध मादक पदार्थ जलाकर किया नष्ट

 


जयपुर, 08 जून (हि.स.)। जयपुर ग्रामीण पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए तीन थानों के 16 प्रकरणों में जब्त किए गए 1.24 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के अवैध मादक पदार्थों का निस्तारण किया। न्यायालय की अनुमति और भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति (डीडीसी) की निगरानी में 334 किलो से अधिक गांजा और डोडा पोस्त को जलाकर नष्ट किया गया।

जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि पुलिस थाना दूदू, मोजमाबाद और मौखमपुरा के मालखानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थ बड़ी मात्रा में रखे हुए थे। जिससे अन्य मामलों में जब्त माल के सुरक्षित रख-रखाव में कठिनाई हो रही थी। इसके बाद अपराध शाखा द्वारा संबंधित थानों से प्रस्ताव प्राप्त कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। न्यायालय की स्वीकृति मिलने के बाद सोमवार को मौखमपुरा स्थित प्रिमियम पैट्रो प्रोडक्ट्स, खसरा नंबर-273 परिसर में मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया।

जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नष्ट किए गए मादक पदार्थ में 213 किलो 200 ग्राम गांजा,120 किलो 940 ग्राम डोडा पोस्त (छिलका एवं चूरा) कुल वजन 334 किलो 140 ग्राम शामिल है। जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 24 लाख 65 हजार रुपये है। इस निस्तारण प्रक्रिया के दौरान स्वतंत्र गवाहों, कंपनी प्रबंधन और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में रिकॉर्ड का मिलान कर मादक पदार्थों का वजन कराया गया। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।

इस दौरान जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति के अध्यक्ष एवं एसपी हनुमान प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) जयपुर ग्रामीण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू शिवलाल बैरवा, वृत्ताधिकारी दूदू दीपक खंडेलवाल, थानाधिकारी मौखमपुरा सुरेश कुमार, थानाधिकारी दूदू संजय कुमार सहित दूदू, मोखमपुरा और मौजमाबाद थानों के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश