ऑपरेशन उपलब्ध में रेलवे टिकटों की अवैध बिक्री पर कार्रवाई, ई-मित्र संचालक पकड़ा
काेटा, 29 अगस्त (हि.स.)। आरक्षित रेलवे ई-टिकटों की अवैध बुकिंग एवं बिक्री करने वाले टिकट दलालों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन “उपलब्ध” के तहत क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच (डी एंड आई), कोटा एवं रेलवे सुरक्षा बल बारां की संयुक्त टीम ने छबड़ा-गूगर में कार्रवाई की। जांच में व्यक्तिगत आईडी से बुक किए गए कुल 28 रेलवे ई-टिकट बरामद हुए, जिनका कुल मूल्य 99,365 रुपये है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि सूचना मिली थी कि छबड़ा-गूगर स्थित कृष्णा ई-मित्र शॉप का संचालक अपनी व्यक्तिगत आईडी का उपयोग कर आरक्षित रेलवे ई-टिकट बुक कर यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूल रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए टीम ने एक छद्म ग्राहक भेजा। दुकान संचालक द्वारा अपनी व्यक्तिगत आईडी से गाड़ी संख्या 04140 में कोटा से टूंडला का शयनयान श्रेणी का टिकट बनाकर वास्तविक किराए से अधिक राशि लेने पर सूचना की पुष्टि हुई।
इसके बाद संयुक्त टीम ने दुकान पर जांच की। व्यक्तिगत आईडी से आगामी यात्रा के 67,635 रुपये मूल्य के 6 टिकट तथा पूर्व यात्राओं के 31,730 रुपये मूल्य के 22 टिकट पाए गए। इस प्रकार कुल 99,365 रुपये मूल्य के 28 ई-टिकट जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान एक सीपीयू भी जब्त किया गया।
पूछताछ में दुकान संचालक परमानंद लोढ़ा द्वारा ग्राहकों की मांग पर व्यक्तिगत आईडी से रेलवे ई-टिकट बुक कर निर्धारित किराए के अतिरिक्त राशि लेने की बात सामने आई। मामले में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बारां द्वारा आरोपित के विरुद्ध रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 143 के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव