खोह नागोरियान अग्निकांड: अवैध पटाखा फैक्ट्री का मुख्य आरोपी फिरोज यूपी से गिरफ्तार

 


जयपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। खोह नागोरियान क्षेत्र में 9 जून को अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट और आठ लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी फिरोज (33) पुत्र सादिक निवासी फारूखनगर गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फैक्ट्री संचालन से जुड़े हिस्ट्रीशीटर कयूम खान (50) को जयपुर सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की गई है। पुलिस अब दोनों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पूरे नेटवर्क की पड़ताल करेगी, जबकि कयूम के भाई याकूब की तलाश जारी है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गाजियाबाद में दबिश देकर फरार फिरोज को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि वह दिल्ली और गाजियाबाद से विस्फोटक सामग्री का कच्चा माल लाकर जयपुर की अवैध पटाखा फैक्ट्रियों में सप्लाई करता था।

पुलिस के अनुसार 12 जून को दर्ज मुकदमे में फिरोज वांछित था। वहीं 11 जून को दर्ज मुकदमे में हिस्ट्रीशीटर कयूम खान को भी पूछताछ के लिए जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है। कयूम के खिलाफ हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, धोखाधड़ी, आबकारी और विस्फोटक अधिनियम सहित विभिन्न मामलों में कुल 11 प्रकरण दर्ज हैं।

जांच में सामने आया कि कयूम और उसका भाई याकूब रहीम नगर स्थित अपने मकान में फिरोज के साथ साझेदारी में अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालित कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, फिरोज ने मकान किराए पर लेकर यहां शादी एवं अन्य आयोजनों में उपयोग होने वाले पटाखों की पैकिंग का अवैध कारोबार शुरू किया था। ज्यादा मुनाफे के लालच में इस कारोबार का विस्तार किया जा रहा था। घटना वाले दिन दिल्ली से विस्फोटक सामग्री की खेप लाई गई थी। माल उतारने आए दो युवक नासिर और रेहान भी फैक्ट्री में मौजूद थे। इसी दौरान आग लगने से भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें एक बच्चे सहित आठ लोगों की मौत हो गई थी।

पुलिस का कहना है कि अग्निकांड के बाद फिरोज लगातार गाजियाबाद में ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क और विस्फोटक सामग्री की सप्लाई चेन की जांच की जा रही है।

इधर खोह नागोरियान क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए करीब 25 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम घर-घर जाकर सर्वे और सर्च अभियान चला रही है। टीम अवैध कारोबारों की पहचान करने के साथ स्थानीय लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील भी कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश