समस्या नहीं, चुनौती समझकर आगे बढ़ें, लक्ष्य पर रखें नजर : नवीन जैन

 


जयपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। सफलता की राह में आने वाली परिस्थितियों को समस्या मानकर हतोत्साहित होने के बजाय उन्हें चुनौती समझकर आगे बढ़ना चाहिए। स्पष्ट लक्ष्य, सही रणनीति, गहन अध्ययन और निरंतर प्रयास से कठिन परिस्थितियों को भी पीछे छोड़ा जा सकता है। सिविल सेवा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को शॉर्टकट के बजाय मेहनत, अनुशासन और तैयारी के प्रति प्रतिबद्धता पर भरोसा रखना चाहिए।

यह बात सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव आईएएस नवीन जैन ने शनिवार को कही।

वे इस्पेक की ओर से श्री परशुराम ज्ञानपीठ में आयोजित प्रेरक संवाद सत्र में सिविल सेवा अभ्यर्थियों से संवाद कर रहे थे। जैन ने कहा कि विद्यार्थियों को समस्याओं का हौव्वा खड़ा करने के बजाय अपने लक्ष्य और तैयारी पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदी माध्यम, सरकारी विद्यालय या राज्य बोर्ड से पढ़ाई करना, विवाह होना अथवा बच्चों की जिम्मेदारी जैसी परिस्थितियों को सफलता की राह में बाधा मानना उचित नहीं है। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और तैयारी के प्रति पूरी प्रतिबद्धता हो तो परिस्थितियां सफलता की राह नहीं रोक सकतीं।

नवीन जैन ने अभ्यर्थियों से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की रणनीति, समय प्रबंधन और प्रभावी अध्ययन पद्धति पर विस्तार से संवाद किया। स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से उदाहरण प्रस्तुत करते हुए उन्होंने तैयारी से जुड़े उपयोगी सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि किसी सफल व्यक्ति से ईर्ष्या करने के बजाय उसकी सफलता के पीछे की मेहनत और रणनीति से सीखने की आदत विकसित करनी चाहिए। सकारात्मक सोच, अनुशासन और निरंतर प्रयास सफलता की मजबूत नींव हैं।

कार्यक्रम में इस्पेक की चेयरपर्सन डॉ. हर्षा त्रिवेदी ने ट्री पॉट भेंट कर नवीन जैन का स्वागत किया।

राष्ट्रीय प्रभारी प्यारे लाल शर्मा ने भगवान परशुराम की प्रतिमा और पुस्तक भेंट कर उनका अभिनंदन किया। विप्र फाउंडेशन के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सतीश शर्मा ने नवीन जैन की प्रशासनिक यात्रा और उपलब्धियों से अभ्यर्थियों को परिचित कराया।

इस अवसर पर विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विमलेश शर्मा, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र शर्मा, जयपुर जोन के संगठन महामंत्री धर्मेंद्र शर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी राहुल पांडे, लखनऊ से राज्य कर्मचारी एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरि शरण मिश्रा सहित विभिन्न पदाधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित