आईएओएचएनएस :ईएनटी में एआई और आधुनिक सर्जरी पर विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव
जयपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। इंडियन एकेडेमी ऑफ ओटोलैरिंगोलॉजी एंड हेड-नेक सर्जरी (आईएओएचएनएस) की 12वीं कॉन्फ्रेंस आईएओएचएनएस-2026 का रविवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में समापन हुआ। तीन दिवसीय कॉन्फ्रेंस में 800 से अधिक चिकित्सकों, मेडिकल विद्यार्थियों और इंजीनियर्स ने हिस्सा लिया। इसमें ईएनटी, हेड-नेक सर्जरी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आधुनिक सर्जिकल तकनीक, शोध, मेडिकोलीगल विषयों, हैकाथॉन और डॉक्टरों के मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।
कॉन्फ्रेंस के साइंटिफिक चेयरमैन एवं एसएमएस अस्पताल के ईएनटी विभाग के वरिष्ठ आचार्य डॉ. पवन सिंघल ने बताया कि तकनीकी सत्र में मेडिकल इमेज के विश्लेषण और निर्णय सहायता में एआई के उपयोग पर चर्चा हुई। बीआईटीएस पिलानी के प्रोफेसर डॉ. अविनाश गौतम ने व्याख्यान दिया। वहीं एम्स गुवाहाटी के डॉ. नेइजेखोतुओ ब्रायन शुन्यु ने सिर एवं गर्दन के पुनर्निर्माण पर जानकारी दी।
कॉन्फ्रेंस में जयपुर में पहली बार ईएनटी हैकाथॉन आयोजित किया गया। आठ टीमों ने ऑपरेशन थिएटर की जरूरतों और एआई आधारित समाधानों पर मॉडल प्रस्तुत किए। टीमों को व्यावहारिक, टिकाऊ और कम लागत वाले समाधान तैयार करने का टास्क दिया गया था।
हैकाथॉन में प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपए की टीम राजेंद्र दिनेश कुमार, आकाश गुप्ता, सचिन सिंह और शांता बिश्नोई ने जीता। द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपए, तृतीय 30 हजार, चतुर्थ 20 हजार और पांचवां पुरस्कार 10 हजार रुपए रहा। जूरी में आईआईटी, बिट्स पिलानी, एम्स जोधपुर और एम्स बिलासपुर के विशेषज्ञ शामिल रहे।
मेडिकोलीगल सत्र में मरीज की सहमति, मेडिकल रिकॉर्ड, बीमा और क्षतिपूर्ति जैसे विषयों पर चर्चा हुई। वहीं ‘डॉक्टरों के लिए ध्यान : तनाव से संतुलन की ओर’ सत्र में काम के तनाव और बर्नआउट से बचाव में ध्यान की भूमिका पर विचार रखे गए।
कॉन्फ्रेंस के विभिन्न सत्रों में ओटोस्क्लेरोसिस, शुरुआती मुंह के कैंसर, म्यूकोरमाइकोसिस, बच्चों में गर्दन की गांठ, नाक की सर्जरी और एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस सहित ईएनटी से जुड़े जटिल विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी। समापन अवसर पर पेपर प्रस्तुति, पोस्टर और क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश