हाइड्रा क्रेन ने तीन बच्चों को कुचला, 10 वर्षीय मासूम की मौत, दो गंभीर घायल
जालोर, 23 जून (हि.स.)। शहर के तृतीय औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाइड्रा क्रेन ने स्कूटी सवार तीन बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 10 वर्षीय लक्ष्य कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक बच्चे को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया है।
कोतवाली थाने के एएसआई बाबूलाल के अनुसार, सीकर हॉल के पास रहने वाले 10, 6 और 15 साल के तीन बच्चे एक स्कूटी पर सवार होकर दूध लेकर घर लौट रहे थे। तीनों बच्चों के पिता की किराने की दुकान है। परिजनों ने बताया कि पिता ने बच्चों से कहा था कि तुम लोग चलो, मैं दुकान बंद करके आता हूं, ध्यान से जाना।
बताया जा रहा है कि जालोर-बागरा रोड पर एक तरफ की सड़क पार करने के बाद तीनों बच्चे डिवाइडर के पास खड़े होकर दूसरी ओर की सड़क पार करने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बागरा की ओर से तेज गति से आई हाइड्रा क्रेन ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि लक्ष्य कुमार के शरीर का निचला हिस्सा पूरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को जालोर ट्रोमा सेंटर पहुंचाया। वहां से निखिल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया, जबकि दूसरे घायल का इलाज जालोर में जारी है।
सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने हादसे के बाद हाइड्रा क्रेन को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित