शादी समारोह के दौरान पति ने पत्नी को मारी गोली, फिर खुद की जान ली
भरतपुर, 01 मई (हि.स.)। जिले के रूपवास थाना क्षेत्र के सिंघावली गांव में शुक्रवार को एक पारिवारिक समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब एक युवक ने अपनी पत्नी को गोली मारने के बाद स्वयं को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के बरुअर निवासी राघवेंद्र (31) अपनी पत्नी राधिका (28) के पीहर सिंघावली गांव पहुंचा था, जहां राधिका अपने चाचा की बेटी के लग्न समारोह में शामिल होने आई हुई थी। बताया जा रहा है कि पत्नी के बिना अनुमति पीहर आने से नाराज राघवेंद्र ने समारोह के दौरान राधिका को एक कमरे में ले जाकर देसी कट्टे से उसकी छाती में गोली मार दी और फिर स्वयं के सीने पर फायर कर लिया।
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। तब तक राघवेंद्र की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल राधिका को पहले रूपवास अस्पताल, फिर भरतपुर के आरबीएम अस्पताल ले जाया गया।
हालत नाजुक होने के कारण उसे बाद में जयपुर रेफर किया गया।
घटनास्थल पर कमरे के अंदर फर्श पर खून फैला हुआ मिला। पुलिस ने मौके से देसी कट्टा बरामद कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। रूपवास थाना प्रभारी विनोद मीणा के अनुसार राघवेंद्र खेतीबाड़ी के साथ ट्रक ड्राइवर का काम करता था। उसने पत्नी को शादी समारोह में पीहर जाने से मना किया था, लेकिन राधिका 30 अप्रैल को अपने मायके पहुंच गई थी।
इसी बात से नाराज होकर राघवेंद्र शुक्रवार को ससुराल पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया।
दोनों की शादी करीब चार वर्ष पूर्व हुई थी और उनका एक तीन वर्षीय बेटा भी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित