जयपुर में अस्पतालों और आरोग्य मंदिरों में मिलेगी निशुल्क एएनसी सेवाएं

 




जयपुर, 08 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के सफलतापूर्वक 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 9 जून को जयपुर प्रथम जिले के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को विशेष रूप से गर्भावस्था की द्वितीय एवं तृतीय तिमाही के दौरान प्रत्येक माह की 9 तारीख को निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व देखभाल (एएनसी) सेवाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि विस्तारित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (ई-पीएमएसएमए) के तहत प्रत्येक माह की 18 एवं 27 तारीख को उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) की नाम आधारित ट्रैकिंग, अतिरिक्त फॉलोअप विजिट, रेफरल सहायता तथा प्रसव के बाद 45 दिनों तक निगरानी की जाती है।

डॉ. शेखावत ने कहा कि अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को मातृ स्वास्थ्य सेवाओं तथा अभियान के तहत उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है। इससे सम्मानजनक एवं संवेदनशील मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा और सामुदायिक सहभागिता के साथ पारिवारिक भागीदारी भी मजबूत होगी।

उन्होंने बताया कि 9 जून को जिले के सभी मेडिकल कॉलेजों, जिला एवं उपजिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्रथम रेफरल इकाइयों (एफआरयू), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) तथा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (यूपीएचसी) पर विशेष पीएमएसएमए दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार प्रदान करेंगे।

इसके अलावा जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां गर्भवती महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश