औषधीय फसलों में ईसबगोल की खेती को उद्यान विभाग देगा बढ़ावा

 


बीकानेर, 13 नवंबर (हि.स.)। उद्यान विभाग द्वारा राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना अंतर्गत औषधीय फसलों का नया क्षेत्र विस्तार के तहत ईसबगोल की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। जिले में वर्तमान में औषधीय फसलों में ईसबगोल का क्षेत्रफल 56 हजार हेक्टेयर है व काफी तेजी से क्षेत्र बढ़ रहा है। औषधीय फसलों के क्षेत्र विस्तार को ध्यान में रखते हुए उद्यान विभाग द्वारा 730 किसानों को गुजरात की उन्नत किस्म गुजरात ईसबगोल-2 का उन्नत बीज गुजरात सीड्स कार्पोरेशन लिमिटेड व अन्य आदान अनुदानित दर पर केवीएसएस से उपलब्ध करवा प्रदर्शन आयोजित करवाये जाएंगे ताकि क्षेत्र में ईसबगोल की खेती को बढ़ावा मिले।

उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि औषधीय फसलों के नये क्षेत्र विस्तार हेतु कृषको को अधिकतम 1 हैक्टेयर क्षेत्र के लिए प्रोरेटा बेसिस पर अनुदान देय है। औषधीय फसलों के क्षेत्र विस्तार के लिए कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर द्वारा प्रति हेक्टेयर इकाई लागत 33350 रुपये निर्धारित की गई है सामान्य किसानों को लागत का 40 प्रतिशत तथा अनुसूचित क्षेत्र के किसानों को लागत का 50 प्रतिशत अनुदान उद्यान विभाग द्वारा दिया जाना है।

औषधीय फसलों की खेती करने वाले इच्छुक कृषकों को अनुदान का लाभ दिया जायेगा। कृषकों को औषधीय फसल विशेष के लिये पैकेज ऑफ प्रेक्टिसेज का लीफलेट/साहित्य भी उपलब्ध कराया जावेगा। एक कृषक को प्रोरेटा बेसिस पर अधिकतम 1 हैक्टेयर क्षेत्र तक औषधीय फसलों के नये क्षेत्र विस्तार पर अनुदान दिया जाएगा।

उपनिदेशक उद्यान अनुसंधान ग्राहय प्रशिक्षण केंद्र प्रेमाराम ने बताया कि किसान संबंधित कृषि पर्यवेक्षक सहायक कृषि अधिकारी उद्यान से संपर्क कर औषधीय क्षेत्र विस्तार ईसबगोल की खेती के लिए स्वयं को ऑनलाइन राज किसान पोर्टल पर पंजीकृत कर योजना का लाभ लें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव