आशा सहयोगिनियों के मानदेय में 10 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा
जोधपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। सक्षम नारी, स्वस्थ बचपन, समृद्ध राजस्थान की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से शनिवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर झालाना डूंगरी जयपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं ग्राम साथिनों को रक्षाबंधन के उपहार स्वरूप प्रति लाभार्थी 1100 रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। इस अवसर पर कुल 14.65 करोड़ रुपए की राशि हस्तांतरित की गई तथा आशा सहयोगिनियों के मानदेय में 10 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की गई।
राज्य स्तरीय समारोह में विभिन्न योजनाओं के तहत 74 करोड़ रुपए से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं साथिनों के लिए यूनिफॉर्म, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सीबीई एवं डाटा प्लान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना एवं लाडो प्रोत्साहन योजना की राशि शामिल है।
मुख्यमंत्री ने राज्य के 27 आकांक्षी ब्लॉक्स में किशोरी बालिका योजना का शुभारंभ किया जिसके तहत जोधपुर जिले के शेरगढ़ ब्लॉक में किशोरी बालिका योजना शुरू की गई तथा मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना के तहत लाभार्थियों को प्रतीकात्मक ऋण चेक सौंपे। इस अवसर पर कैश प्लस मॉडल व्यवहार परिवर्तन रणनीति से संबंधित पुस्तक, मातृ एवं शिशु पोषण पर आधारित सफलता की कहानियों की संग्रह पुस्तिका, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए बच्चों के विकास में देरी एवं दिव्यांग बच्चों में संकेतकों की पहचान से संबंधित मार्गदर्शिका तथा नव चेतना हैंडबुक का विमोचन भी किया गया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर किया गया। जोधपुर में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स, रेजीडेंसी रोड, रातानाडा में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल रहे। इस दौरान एलईडी स्क्रीन एवं ऑडियो-विजुअल माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।
उपस्थित प्रतिभागियों ने मुख्यमंत्री द्वारा डीबीटी हस्तांतरण, विभिन्न घोषणाओं, योजनाओं के शुभारंभ एवं पुस्तकों के विमोचन सहित कार्यक्रम की गतिविधियों का लाइव प्रसारण देखा एवं सुना।
कार्यक्रम में जीव-जंतु कल्याण एवं संरक्षण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई, शहर विधायक अतुल भंसाली, छोटू सिंह राठौड़, ओमप्रकाश दैया, खींवराज जांगिड़, राजेश कच्छवाह, श्याम खीचड़, जिला कलक्टर आलोक रंजन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा, उपनिदेशक महिला बाल विकास विभाग जोधपुर रावत कड़वासरा, उपनिदेशक महिला अधिकारिता विभाग फरसा राम विश्नोई आदि उपस्थित रहे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में सभी अतिथियों द्वारा समुदाय आधारित गतिविधि गोदभराई की रस्म, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश