गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र में ‘हरियालो राजस्थान’ के तहत हुआ पौधारोपण

 


जयपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र प्रताप नगर में सोमवार को ‘हरियालो राजस्थान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गृह रक्षा के महानिदेशक एवं महासमादेष्टा अनिल पालीवाल, मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान आईजी राजेश मीणा, डीसीजी बदोराव मीणा, कमांडेंट जयपुर स्वाति शर्मा सहित गृह रक्षा के अधिकारी, स्थाई स्टाफ और स्वयंसेवक मौजूद रहे।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने पौधारोपण कर गृह रक्षा के अधिकारियों, स्थाई स्टाफ और स्वयंसेवकों को अधिकाधिक पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण एवं देखभाल के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों का परिवार के सदस्य की तरह पालन-पोषण और संरक्षण भी जरूरी है।

गृह रक्षा स्वयंसेवकों और स्थाई स्टाफ ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इसके बाद पालीवाल ने स्वयंसेवकों को पौधे वितरित किए और उन्हें घर, खेत-खलिहान या ड्यूटी स्थल पर पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। पालीवाल ने कहा कि गृह रक्षा स्वयंसेवकों के नियोजन के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गृह रक्षा एक प्रशिक्षित और समर्पित बल है, जो पूरी निष्ठा से अपने दायित्व निभाता है। ड्यूटी के दौरान स्वयंसेवकों को लोक सेवक के रूप में प्राप्त संरक्षण उनके कर्तव्यों के प्रभावी निर्वहन को मजबूत करता है। उन्होंने कार्यक्रम में स्वयंसेवकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक छायाचित्र लिया गया और अल्पाहार के साथ समापन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन रोटरी क्लब के सहयोग से किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश