भाजपा कार्यालय में होली मिलन समारोह में नेताओं-कार्यकर्ताओं ने खेली रंगों की होली
जयपुर, 03 मार्च (हि.स.)। रंगों का पावन पर्व होली राजधानी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आमजन के साथ राजनीतिक गलियारों में भी त्योहार की खासी धूम रही। मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में आयोजित होली मिलन समारोह में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर रंग-गुलाल खेला और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के संयोजक राजेंद्र शेखावत और प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मनीषा सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। कार्यालय परिसर रंग-बिरंगे गुलाल से सराबोर नजर आया और ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता झूमते दिखाई दिए।
इस मौके पर सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि होली रंगों और आपसी प्रेम का त्योहार है, जिसे उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए। मन के सभी भेदभाव मिटाकर एक-दूसरे को गले लगाने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि होली के बाद किसानों की फसल कटाई का समय शुरू होता है। ऐसे में वे ईश्वर से प्रार्थना करती हैं कि प्रदेश के किसानों की फसल अच्छी हो और उन्हें उनकी मेहनत का पूरा फल मिले।
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मनीषा सिंह ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम और एकता का संदेश देता है। होली हमें मनमुटाव भुलाकर सभी को प्रेम के धागे में पिरोने की सीख देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक परिवार की तरह है और परिवार के साथ होली मनाने का विशेष आनंद है। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर त्योहार मना रहे हैं, जो संगठन की मजबूती को दर्शाता है।
डॉ. मनीषा सिंह ने प्रदेश की वर्तमान भजनलाल सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिससे प्रदेश में सकारात्मक माहौल बना है। हाल ही में प्रस्तुत बजट को भी आमजन और किसानों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह त्योहार प्रदेश में और अधिक खुशहाली और समृद्धि लेकर आएगा।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक गीतों पर नृत्य किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। राजनीतिक व्यस्तताओं के बीच नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्सव के रंग में डूबकर आपसी संबंधों को और प्रगाढ़ किया तथा प्रदेशवासियों से प्रेम, एकता और सद्भाव के साथ होली मनाने का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश