देशनोक नगरपालिका: कांग्रेस की जीत, 25 में से 17 वार्डों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की विजय

 


बीकानेर, 14 सितंबर (हि.स.)। देशनोक नगरपालिका चुनाव के परिणामों में कांग्रेस पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 वार्डों में से 15 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि 2 वार्डों में कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशियों ने विजय हासिल की। इस प्रकार कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने कुल 17 वार्डों में जीत हासिल कर स्पष्ट बढ़त बनाई है।

पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी ने इस ऐतिहासिक जीत पर देशनोक की देवतुल्य जनता का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत देशनोक की जनता के विश्वास, प्रेम और आशीर्वाद की जीत है।

उन्होंने कहा कि मां करणी जी की असीम कृपा और देशनोक की जनता के निरंतर सहयोग से कांग्रेस को यह महत्वपूर्ण जनादेश मिला है। देशनोक में किए गए विकास कार्यों, जनहित के मुद्दों और जनता से निरंतर जुड़े रहने का परिणाम चुनाव में देखने को मिला है।

भंवर सिंह भाटी ने कहा कि देशनोक की जनता ने एक बार फिर कांग्रेस पर अपना विश्वास जताकर यह संदेश दिया है कि विकास, जनसेवा और जनता से सीधा जुड़ाव ही राजनीति की असली ताकत है।

उन्होंने सभी विजयी कांग्रेस एवं कांग्रेस समर्थित पार्षदों, पार्टी के पदाधिकारियों और समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनादेश के अनुरूप सभी मिलकर देशनोक के विकास और जनहित के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव