उदयपुर में 28 अक्टूबर से सजेगा नगर निगम का ऐतिहासिक दीपावली मेला
उदयपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम उदयपुर के तत्वावधान होने वाले भव्य 15 दिवसीय दीपावली मेले का शुभारंभ 28 अक्टूबर बुधवार शाम 7:30 बजे होगा। उद्घाटन समारोह राजस्थान सरकार के जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग मंत्री बाबूलाल खराड़ी के मुख्य आतिथ्य, निम्बार्क पीठ अस्थल आश्रम के मेवाड़ महामंडलेश्वर रासबिहारी शरण के सानिध्य और सांसद मन्नालाल रावत, राज्यसभा सांसद चुनीलाल गरासिया, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, प्रताप गमेती, पुष्कर डांगी, समाजसेवी गजपाल सिंह राठौड़, फतह सिंह राठौड़, पुष्कर तेली, पूर्व सभापति युधिष्ठिर कुमावत, रवीन्द्र श्रीमाली, पूर्व महापौर रजनी डांगी, चंद्रसिंह कोठारी तथा गोविंद सिंह टांक के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न होगा।
मेला संयोजक प्रमोद सामर ने बताया कि नगर निगम प्रांगण में मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक चलेंगे, जबकि दुकानें और झूले 11 नवंबर तक संचालित रहेंगे। दुकानों से एक करोड़ एक लाख 11 हजार और झूलों से 85 लाख 11 हजार रुपये की आय हुई है। मेले के सफल संचालन के लिए महापौर पारस सिंघवी और आयुक्त सह प्रभारी अधिकारी अभिषेक खन्ना के निर्देशन में 21 समितियां बनाई गई हैं, जिनमें उपमहापौर दिनेश भट्ट, उपायुक्त हरि सिंह देवल, लेखाधिकारी बाबूलाल बंजारा सहित अन्य शामिल हैं।
मेला मीडिया एवं प्रेस समिति अध्यक्ष प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दो दिन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा। 28 अक्टूबर को अनामिका अंबर व छोटू सिंह रावणा, 29 को रेपरिया बालम बैंड व फकीरा खान फोक बैंड, 30 अक्टूबर को मशहूर पार्श्व गायिका पलक मुच्छाल, 31 को स्थानीय कलाकार, 1 नवंबर को स्टैंडअप कॉमेडियन गौरव गुप्ता, 2 नवंबर को स्थानीय प्रस्तुतियां और 3 नवंबर को वंडर सीमेंट के सहयोग से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा, जिसमें शैलेश लोढ़ा आएंगे व सूत्रधार अजातशत्रु होंगे। कलाकार चयन में समिति अध्यक्ष उमेश मनवानी, निधि गोधा व पार्षदों का सहयोग रहा। अतिथियों का चयन आशीष कोठारी ने किया है।
विभिन्न समितियों के माध्यम से व्यवस्थाएं संभाली जा रही हैं। इनमें निमंत्रण की जिम्मेदारी अतुल चंडालिया, पंडाल व्यवस्था की जिम्मेदारी योगेश कुमावत, सफाई की जिम्मेदारी प्रदीप विजयवर्गीय,
प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी जितेंद्र सिंह शक्तावत, डेकोरेशन व मंच सज्जा की जिम्मेदारी वैभव भंडारी, स्टॉल की जिम्मेदारी जतिन श्रीमाली, विद्युत व साज-सज्जा की जिम्मेदारी विजय आहुजा और हितांशी शर्मा, परिवहन व पार्किंग की जिम्मेदारी वीरेंद्र सिंह सिसोदिया, स्वागत की जिम्मेदारी यशवंत आंचलिया व मीनल कंठालिया, अल्पाहार की जिम्मेदारी महेश पुरी गोस्वामी, जल व्यवस्था की जिम्मेदारी अशोक नागदा, चिकित्सा की जिम्मेदारी नरेश वैष्णव, नियंत्रण कक्ष की जिम्मेदारी पंकज बोराणा, सुरक्षा की जिम्मेदारी सतीश शर्मा को दी गई है।
मेले में जनता के लिए दुर्घटना बीमा की भी व्यवस्था की गई है। आयोजन शहरवासियों के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता