मिनी ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, दो की मौत
उदयपुर, 15 मई (हि.स.)।
उदयपुर शहर से सटे उदयपुर-गोगुंदा हाईवे पर अंबेरी पुलिया के पास गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार आगे चल रहे मिनी ट्रक के पीछे जा घुसी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
पुलिस के अनुसार हादसा सुखेर थाना क्षेत्र में पिंडवाड़ा हाईवे स्थित अंबेरी पुलिया के पास रात करीब सवा दस बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मिनी ट्रक में टेंट का सामान भरा हुआ था। हाईवे पर बने बेरियर के पास ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, तभी पीछे से तेज गति में आ रही कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही सुखेर थानाधिकारी भरत योगी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं 108 एंबुलेंस की टीम ने भी तत्काल राहत कार्य शुरू किया। पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। देर रात तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार सवार लोग झालावाड़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मिनी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता