राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन में बड़ा फेरबदल

 


जोधपुर, 19 सितम्बर (हि.स.)। राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन जोधपुर के अध्यक्ष रणजीत जोशी ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। हाल ही में संपन्न हुए बार काउंसिल ऑफ राजस्थान (बीसीआर) के चुनावों में सदस्य चुने जाने के बाद, जोशी ने बार काउंसिल के एक व्यक्ति, एक पद के सांगठनिक नियम और परंपरा का सम्मान करते हुए यह बड़ा फैसला लिया है।

वरिष्ठ अधिवक्ता रणजीत जोशी का राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन में लंबा प्रभाव रहा है। वे एसोसिएशन के 18वीं बार अध्यक्ष चुनकर एक रिकॉर्ड कायम कर चुके हैं। जोधपुर के अधिवक्ता वर्ग और बार एसोसिएशन में उनकी मजबूत पकड़ और सांगठनिक अनुभव के चलते वे अधिवक्ताओं के बीच बेहद लोकप्रिय रहे हैं। हाल ही में एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के चुनावों में जीत दर्ज करने के बाद उन्होंने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली थी। इसी बीच बार काउंसिल ऑफ राजस्थानके चुनाव संपन्न हुए, जिसमें रणजीत जोशी ने भारी मतों से विजय हासिल करते हुए बार काउंसिल सदस्य के रूप में सफलता दर्ज की।

बार काउंसिल के नियमों के अनुसार कोई भी अधिवक्ता एक साथ दो प्रमुख प्रशासनिक/सांगठनिक पदों पर नहीं रह सकता। कानूनी मर्यादा, परंपरा और एक पद के सिद्धांत का पालन करते हुए रणजीत जोशी ने राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा कार्यकारिणी को सौंप दिया। रणजीत जोशी द्वारा त्यागपत्र दिए जाने के बाद अब एसोसिएशन के नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी। संघ के वरिष्ठ सदस्यों एवं नवनिर्वाचित कार्यकारिणी द्वारा कार्यवाहक व्यवस्था अथवा नए सिरे से अध्यक्ष के चयन/प्रभार को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश