वामपंथी नेता हेतराम बेनीवाल का निधन
श्रीगंगानगर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक हेतराम बेनीवाल का सोमवार रात निधन हो गया। 94 वर्षीय बेनीवाल ने श्रीगंगानगर के टांटिया अस्पताल में रात करीब 11 बजे अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे।
परिजनों के अनुसार हीमोग्लोबिन की कमी के चलते उन्हें तीन दिन पूर्व अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ब्लड ट्रांसफ्यूजन के बाद उन्हें गंभीर निमोनिया हो गया, जिससे उनकी हालत बिगड़ती चली गई। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार शाम पैतृक गांव आठ एलएनपी में किया जाएगा।
16 अक्टूबर 1932 को जन्मे बेनीवाल का राजनीतिक जीवन छह दशकों से अधिक समय तक सक्रिय रहा।
उन्होंने वामपंथी विचारधारा से प्रेरित होकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के टिकट पर 1967 में संगरिया विधानसभा क्षेत्र से पहला चुनाव लड़ा। 1977 में टिकट नहीं मिलने के बावजूद वे जनसंघर्षों से जुड़े रहे। वर्ष 1990-91 में वे संगरिया से विधायक निर्वाचित हुए, हालांकि विधानसभा भंग होने से उनका कार्यकाल करीब ढाई वर्ष ही रहा। बाद में सादुलशहर विधानसभा क्षेत्र के गठन के बाद उन्होंने 2004 में अंतिम बार चुनाव लड़ा और सक्रिय चुनावी राजनीति को विराम दिया।
हेतराम बेनीवाल को किसान और मजदूर आंदोलनों के रणनीतिकार के रूप में विशेष पहचान मिली।
उन्होंने राजस्थान कैनाल जमीन आवंटन आंदोलन, घड़साना किसान आंदोलन, जेसीटी मिल मजदूर आंदोलन तथा भाखड़ा और गंगनहर से जुड़े कई आंदोलनों का नेतृत्व किया। कांग्रेस शासनकाल की आपातकाल अवधि में भी वे जेल गए और यातनाएं झेलीं, लेकिन अपने विचारों से समझौता नहीं किया।
उनकी पत्नी चंद्रावली देवी का पिछले वर्ष निधन हो चुका है। परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित