राजस्थान में बढ़ने लगी गर्मी, कई शहरों का तापमान 35 डिग्री पार

 


जयपुर, 06 मार्च (हि.स.)। राजस्थान में गर्मी ने मार्च की शुरुआत में ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को प्रदेश के 15 से अधिक शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर मापा गया। भीलवाड़ा, अलवर, पिलानी, कोटा समेत कई शहरों में दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी गई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में अगले दो सप्ताह के दौरान तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके चलते गर्मी तेज पड़ेगी और कुछ हिस्सों में हीटवेव जैसी स्थिति भी बन सकती है। विभाग ने अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ रहने और तेज धूप पड़ने का अनुमान जताया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में आसमान साफ रहा और सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण दिनभर गर्मी महसूस की गई। उदयपुर, श्रीगंगानगर, पिलानी, फलोदी, कोटा, जोधपुर, जैसलमेर, चूरू, चित्तौड़गढ़, बीकानेर और बाड़मेर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर मापा गया।

वहीं बीकानेर, हनुमानगढ़, जयपुर, जालौर, जोधपुर और फलोदी को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। अलवर, बारां, भीलवाड़ा, करौली और सिरोही में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे मापा गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह के दौरान प्रदेश में तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान आसमान साफ रहेगा, तेज धूप पड़ेगी और पश्चिमी जिलों में दिन के समय हल्की गर्म हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अरब सागर में बने एंटी-साइक्लोन के प्रभाव से प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस तक ऊपर रह सकता है। इसके चलते आठ से दस मार्च के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की प्रबल संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित