राजस्थान में बारिश-ओलावृष्टि के बाद अब बढ़ेगी गर्मी
जयपुर, 21 मार्च (हि.स.)। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार को जयपुर समेत कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ गई।
बारिश के बाद शनिवार सुबह कई शहरों में धुंध छाई रही। अलवर सहित कुछ इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 30 मीटर से भी कम रही, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
पिछले 24 घंटे के दौरान बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र में सबसे अधिक 25 एमएम (करीब एक इंच) बारिश हुई। बीकानेर में देर रात से शुक्रवार सुबह तक रुक-रुक कर बारिश होती रही, वहीं कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। बारिश और बादलों के कारण जयपुर का अधिकतम तापमान गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
अन्य शहरों में भी तापमान सामान्य से कम रहा। अजमेर में 26.6, भीलवाड़ा में 27.4, कोटा में 28.9, उदयपुर में 28, चित्तौड़गढ़ में 29.6, सिरोही में 24.5 और करौली में 24.9 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, अब राज्य में मौसम साफ होने लगेगा। शनिवार से धूप निकलने के साथ तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी।
अगले तीन दिनों में तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।
फिलहाल बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन आने वाले दिनों में एक बार फिर तापमान बढ़ने के साथ गर्मी अपना असर दिखाने लगेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित