राजस्थान में नवंबर में भी गर्मी का असर, बाड़मेर में पारा लगातार दूसरे दिन 38 पार

 




जयपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। नवंबर के दूसरे सप्ताह में राजस्थान में सर्दी की जगह गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। सोमवार को भी प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रहा। बाड़मेर में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से अधिक मापा गया। दिन में तेज धूप के साथ कई शहरों में रात का तापमान भी बढ़ा है, जिससे ठंड का असर कमजोर पड़ा है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेशभर में आसमान साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। बाड़मेर, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर और जोधपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर मापा गया। बाड़मेर में तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में उत्तरी हवा कमजोर पड़ने के कारण रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है।

बाड़मेर, पाली, जैसलमेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर और चूरू में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 3 से 5 डिग्री ऊपर मापा जा रहा है। इसके चलते रात और सुबह के समय महसूस होने वाली सर्दी भी फिलहाल कम हुई है।

प्रदेश में सबसे ठंडी रात माउंट आबू में रही, जहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। हालांकि यह भी यहां के सामान्य तापमान से करीब 4 डिग्री अधिक है।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान दिनभर धूप रहने के साथ कुछ शहरों में अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड का मिला-जुला असर बना रहने का अनुमान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित