राजस्थान में मानसून की विदाई से पहले तेज हुई गर्मी, जैसलमेर 41.5 डिग्री पर

 




जयपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में बारिश का दौर थमते ही गर्मी ने फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सितंबर के अंतिम दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में मई-जून जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। मंगलवार को जैसलमेर में प्रदेश का सर्वाधिक 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया। वहीं बीकानेर में 40.6 और बाड़मेर में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। चूरू में भी पारा 39.6 डिग्री तक पहुंच गया।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जोधपुर, जयपुर, अजमेर, पिलानी सहित प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिन प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने और गर्मी बढ़ने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से तापमान लगातार बढ़ रहा है, जबकि वातावरण में नमी भी कम हो रही है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बदलते मौसमी हालात के बीच अगले 24 से 48 घंटे में राजस्थान के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई शुरू हो सकती है।

इस बार मानसून की शुरुआत देर से हुई और अगस्त में भी बारिश कम रही। प्रदेश के कई जिलों में सामान्य या सामान्य से कम बारिश होने के कारण पश्चिमी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। मानसून के अंतिम चरण में भी इन क्षेत्रों में पर्याप्त बारिश नहीं हुई है और आगामी दिनों में भी बारिश की संभावना कम बताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित