राजस्थान में गर्मी ने पकड़ी रफ्तार, पारा 40 डिग्री पार होने के आसार

 


जयपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान में आंधी-बारिश का दौर थमते ही अब गर्मी ने दोबारा जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। गुरुवार को जयपुर, अलवर, उदयपुर, बाड़मेर, पिलानी और कोटा सहित कई शहरों में तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार राज्य में आगामी दिनों में गर्मी और तेज होने के संकेत हैं। अगले दो सप्ताह के दौरान तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है, जिससे कुछ शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तक पहुंच सकता है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा और दिनभर तेज धूप निकली। अधिकतम तापमान बाड़मेर में 37.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो इस समय प्रदेश में सबसे अधिक रहा। हालांकि, अभी भी कई शहरों में तापमान सामान्य से दो से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिल रही है।

राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.5 डिग्री कम रहा।

मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः साफ रहेगा। हालांकि, 10 और 11 अप्रैल को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि शेष प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, साफ मौसम और लगातार बढ़ती धूप के कारण आने वाले दिनों में गर्मी का असर तेज होगा। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप से बचाव और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित