राजस्थान में फिर बढ़ने लगी गर्मी, 9 मई से लू का नया दौर शुरू होने के आसार

 


जयपुर, 07 मई (हि.स.)। राजस्थान में पिछले दिनों चली आंधी-बारिश के बाद अब मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहा और दिनभर तेज धूप खिली, जिससे तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो गई। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में 9 मई से हीटवेव यानी लू का नया दौर शुरू हो सकता है। आगामी दिनों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं भरतपुर और धौलपुर जिलों में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान फलोदी में 42.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया। जैसलमेर में 42.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा बाड़मेर में 41.8, पाली में 40.3, बीकानेर में 40.2 और जोधपुर में 40.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

जैसलमेर, जोधपुर और बाड़मेर क्षेत्रों में दिनभर हल्की धूलभरी हवाएं चलती रहीं।

धूप तेज रहने के कारण कई शहरों में तापमान में करीब तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई।

राजधानी जयपुर में बुधवार को मौसम साफ रहा और दिनभर तेज धूप खिली। अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले की तुलना में करीब दो डिग्री अधिक रहा। हालांकि वातावरण में नमी और हालिया बारिश के कारण लोगों को फिलहाल चुभती गर्मी से थोड़ी राहत मिली हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक सप्ताह में जयपुर का तापमान तेजी से बढ़ सकता है और पारा 41 से 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। गर्मी के असर को कम करने के लिए नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों पर पानी का छिड़काव भी किया गया।

अजमेर में गर्मी से राहत पाने के लिए लोग वाटर पार्क और ठंडे स्थानों का सहारा लेते नजर आए।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में संभाग के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना है। उदयपुर में दिन में गर्मी का असर बढ़ा, लेकिन रात के समय मौसम सुहावना बना रहा। शाम के समय कुछ देर बादल छाने के बाद मौसम फिर साफ हो गया। राहत की बात यह रही कि दिनभर लू नहीं चली।

अलवर जिले में हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन अब उमस और गर्मी फिर बढ़ने लगी है।

मौसम विभाग ने जिले में अगले दो दिनों के दौरान आंधी और बारिश की संभावना जताई है। सीकर जिले में पिछले छह दिनों से जारी आंधी और बारिश का सिलसिला अब थम गया है। मौसम साफ होने के साथ ही अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई। जोधपुर में बुधवार को दिनभर आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही। फिलहाल शहर में गर्म हवाओं का असर कम है, लेकिन तापमान लगातार बढ़ने लगा है।

कोटा में पिछले दिनों हुई बारिश के कारण वातावरण में हल्की ठंडक बनी हुई है। गर्मी और धूल के असर को कम करने के लिए नगर निगम द्वारा महावीर नगर क्षेत्र में एंटी स्मॉग गन के जरिए सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया। फिलहाल शहर में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित