स्वास्थ्य दल आपके द्वार अभियान का शुभारंभ
जोधपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। मानसून के दौरान मलेरिया, डेंगू एवं चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में स्वास्थ्य दल आपके द्वार विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया है। आगामी 27 अगस्त तक संचालित होने वाले इस अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर सर्वे, सोर्स रिडक्शन, एंटी लार्वल, एंटी एडल्ट गतिविधियों के साथ व्यापक जनजागरूकता (आईईसी) कार्यक्रम संचालित कर रही हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र सिंह शेखावत के निर्देशन में संचालित इस अभियान का नेतृत्व उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. महेन्द्र कच्छवाहा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में गत वर्ष डेंगू प्रभावित क्षेत्रों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इन संवेदनशील क्षेत्रों में स्वास्थ्य दल संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों की पहचान कर उन्हें नष्ट कर रहे हैं तथा आमजन की सहभागिता से सोर्स रिडक्शन एवं एंटी लार्वल गतिविधियां प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि आशा, एएनएम, एलएचवी, हेल्थ मैनेजर एवं सीएचओ की सुपरवाइजरी टीमों के नेतृत्व में स्वास्थ्य दल घर-घर सर्वे कर रहे हैं। सर्वे के दौरान बुखार से पीडि़त व्यक्तियों की पहचान कर मलेरिया जांच हेतु रक्त पट्टिका (ब्लड स्लाइड) बनाई जा रही है, जिससे समय पर रोग की पुष्टि कर शीघ्र उपचार सुनिश्चित किया जा सके। अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में अंतरविभागीय समन्वय स्थापित किया गया है।
नगर निगम, नगरपालिकाओं एवं पंचायती राज संस्थाओं के सहयोग से नालियों की नियमित साफ-सफाई, गंदे पानी के स्रोतों में मच्छर लार्वीसाइडल ऑयल (एमएलओ) का छिडक़ाव, जलभराव वाले स्थलों की सफाई, शहरी क्षेत्रों में फॉगिंग तथा आवश्यकतानुसार अन्य मच्छर नियंत्रण गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
मच्छरों का लार्वा पाए जाने पर चालान
उन्होंने बताया कि जिन घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में मच्छरों का लार्वा पाया जाएगा, वहां नियमानुसार नोटिस जारी कर चालान की कार्रवाई भी की जाएगी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों, कार्यालयों एवं प्रतिष्ठानों में पानी का ठहराव नहीं होने दें। कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, कबाड़ एवं अन्य जल संग्रहण स्थलों की नियमित सफाई करें तथा सप्ताह में एक दिन ड्राई डे मनाकर मच्छरों की उत्पत्ति रोकने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश