विश्व आर्थराइटिस दिवस पर हेल्थ टॉक
जयपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व आर्थराइटिस दिवस के अवसर पर गठिया रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए विशेष हेल्थ टॉक आयोजित की गई। इसमें विशेषज्ञों ने गठिया के प्रकार, शुरुआती लक्षणों, उपचार और जोड़ प्रत्यारोपण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
मणिपाल हॉस्पिटल में आयाेजित कार्यक्रम में वरिष्ठ गठिया रोग विशेषज्ञ डॉ. अखिल गोयल और वरिष्ठ जोड़ प्रत्यारोपण सर्जन डॉ. बी.आर. बागरिया ने बताया कि गठिया के उपचार का तरीका बीमारी की गंभीरता और मरीज की स्थिति पर निर्भर करता है। दवाओं और अन्य उपचारों से पर्याप्त राहत नहीं मिलने तथा जोड़ों की गतिशीलता प्रभावित होने पर चिकित्सक मरीज की स्थिति के अनुसार जोड़ प्रत्यारोपण सर्जरी की सलाह दे सकते हैं।
हेल्थ टॉक के दौरान लोगों ने गठिया और जोड़ प्रत्यारोपण से जुड़े सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने चिकित्सीय तथ्यों के आधार पर उनकी शंकाओं का समाधान किया और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय रहते विशेषज्ञ से परामर्श लेने की सलाह दी। उन्होंने लोगों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी उचित उपचार के प्रति जागरूक करने की अपील की।
अस्पताल के निदेशक रंजन ठाकुर ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण हड्डियों और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूकता जरूरी है। ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को शुरुआती लक्षण पहचानने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे सक्रिय और बेहतर जीवन जी सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश