अनशनकारी लक्ष्मी तंवर की बिगड़ी तबीयत: 25 अक्टूबर को जयपुर में जुटेगा सवर्ण समाज

 


जयपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। सवर्ण समाज की मांगों को लेकर राष्ट्रीय करणी सेना की महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष लक्ष्मी तंवर का अनिश्चितकालीन अनशन छठे दिन भी जारी रहा। इस दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है। संगठन के अनुसार, मेडिकल जांच में यूरिन में कीटोन बॉडीज का स्तर 3+ मिला है। साथ ही ब्लड शुगर बार-बार गिरने और शरीर में पानी की कमी के कारण इलेक्ट्रोलाइट्स में असंतुलन की स्थिति बताई गई है। संगठन ने सरकार की ओर से अब तक कोई प्रतिनिधि अनशन स्थल पर नहीं पहुंचने पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन को देशव्यापी स्तर पर ले जाने की चेतावनी दी है।

राष्ट्रीय करणी सेना भवन पर अनशन कर रहीं लक्ष्मी तंवर की स्वास्थ्य जांच के लिए सुबह-शाम मेडिकल टीम निगरानी कर रही है। टीम में डॉ. राजेंद्र यादव, एमडी मेडिसिन, डॉ. कुलदीप सिंह सहित मेडिकल स्टाफ शामिल है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत के अनुसार, ब्लड शुगर बार-बार कम होने के कारण लक्ष्मी तंवर को फ्लूइड देना पड़ रहा है। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद वह अनशन जारी रखने पर अडिग हैं।

शिव सिंह शेखावत ने कहा कि सवर्ण समाज की मांगें लंबे समय से उठाई जा रही हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि अनशन पर बैठी महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष की तबीयत बिगड़ने के बावजूद सरकार का कोई प्रतिनिधि उनसे मिलने नहीं पहुंचा। मांगों पर तत्काल विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को राजस्थान से बाहर देशभर में फैलाया जाएगा।

राष्ट्रीय करणी सेना के नेतृत्व में रविवार, 25 अक्टूबर को सुबह 9 बजे जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में सवर्ण आक्रोश सभा आयोजित की जाएगी। संगठन के अनुसार, इसमें राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से सवर्ण समाज और अन्य सामाजिक संगठनों के लोग शामिल होंगे। सभा में आरक्षण व्यवस्था में सुधार, यूजीसी नियमों की वापसी, एससी-एसटी एक्ट में संशोधन, गोमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने, ईडब्ल्यूएस प्रावधानों के सरलीकरण और सवर्ण आयोग के गठन की मांग उठाई जाएगी।

सभा के समर्थन में अग्रवाल समाज के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश अग्रवाल, खंडेलवाल समाज के अध्यक्ष रमेश तुंगावाला, विप्र समाज के अध्यक्ष सुनील उदेईया और परशुराम सेना के एडवोकेट अनिल चतुर्वेदी ने समर्थन जताया है।

राष्ट्रीय करणी सेना भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत, महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष लक्ष्मी तंवर, हरियाणा से ओकेन्द्र राणा, उत्तर प्रदेश से वीरू सिंह और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन का कहना है कि सभा में विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधि मांगों के समर्थन में आवाज उठाएंगे।

राष्ट्रीय करणी सेना ने आरक्षण व्यवस्था में सुधार, यूजीसी नियमों की वापसी, एससी-एसटी एक्ट में संशोधन, गोमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने, ईडब्ल्यूएस प्रावधानों के सरलीकरण और सवर्ण आयोग के गठन को अपनी प्रमुख मांगें बताया है। शिव सिंह शेखावत ने कहा कि मांगों के समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। संगठन ने 25 अक्टूबर की सभा को आंदोलन का अहम पड़ाव बताते हुए संघर्ष जारी रखने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश