चारधाम यात्रा से पहले हेल्थ चेकअप जरूरी: चिकित्सा विभाग की अपील

 


जयपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। चारधाम यात्रा 2026 को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने यात्रियों के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी कर सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि यात्रा से पहले और दौरान जरूरी सावधानियां अपनाकर ही सुरक्षित व सुखद यात्रा संभव है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (जयपुर द्वितीय) डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि चार धाम के तीर्थ स्थल 2700 मीटर से अधिक ऊंचाई पर स्थित है, जहां अत्यधिक ठंड, कम ऑक्सीजन, कम वायुदाब और तेज अल्ट्रा वायलेट रेडिएशन जैसी परिस्थितियां स्वास्थ्य पर असर डाल सकती हैं। ऐसे में यात्रियों को यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच करवाना आवश्यक है, विशेष रूप से 55 वर्ष से अधिक आयु एवं हृदय रोग, अस्थमा, उच्च रक्तचाप और मधुमेह से ग्रस्त लोगों को।

एडवाइजरी में यात्रियों को कम से कम 7 दिन की योजना बनाकर यात्रा करने, बीच-बीच में विश्राम करने, श्वास व्यायाम करने और नियमित रूप से टहलने की सलाह दी गई है। साथ ही गर्म कपड़े, रेनकोट, आवश्यक दवाइयां, पल्स ऑक्सीमीटर व थर्मामीटर साथ रखने और मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा शुरू करने को कहा गया है।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. सुरेंद्र कुमार गोयल ने बताया कि यात्रा के दौरान सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, चक्कर, उल्टी या शरीर में कमजोरी जैसे लक्षण नजर आने पर तुरंत नजदीकी चिकित्सा केंद्र पर संपर्क करें। उच्च ऊंचाई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है, इसलिए विशेष सतर्कता जरूरी है।

उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा के दौरान शराब, कैफीनयुक्त पेय, धूम्रपान और अनावश्यक दवाओं से बचें तथा प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ और पौष्टिक आहार लें। किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क किया जा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर अपनी चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश