हस्तीमल व्याख्यानमाला का पोस्टर विमोचन
उदयपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। पाथेय कण संस्थान एवं विश्व संवाद केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली हस्तीमल व्याख्यानमाला के प्रथम कार्यक्रम का पोस्टर विमोचन किया गया। व्याख्यानमाला का प्रथम पुष्प 13 सितंबर, रविवार को सह आयोजक रवीन्द्रनाथ टैगोर आयुर्विज्ञान महाविद्यालय उदयपुर के मुख्य सभागार में होगा। ‘हम भारत के लोग’ विषयक व्याख्यान को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान के अध्यक्ष हनुमान सिंह राठौड़ मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे।
पाथेय कण संस्थान जयपुर के सह-प्रबंध संपादक श्याम सिंह ने बताया कि कीर्तिशेष हस्तीमल हिरन का जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण, सेवा तथा दायित्वबोध का प्रेरक उदाहरण रहा है। इसी भाव को आगे बढ़ाते हुए व्याख्यानमाला के माध्यम से सामाजिक सरोकार एवं समसामयिक विषयों पर सार्थक वैचारिक संवाद का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘हम भारत के लोग’ विषय के माध्यम से संविधान की भावना, नागरिक दायित्व और समाज के प्रति जिम्मेदारी को जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रयास होगा।
आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राहुल जैन ने बताया कि कार्यक्रम में पिछले देहदान कर चुके दिवंगत विभूतियों के परिवारजन का सम्मान किया जाएगा। देहदान और अंगदान के प्रति जागरूकता समाज के लिए अत्यंत उपयोगी पहल है। देहदान से चिकित्सा शिक्षा एवं शोध को मजबूती मिलती है, जबकि अंगदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। ऐसे सामाजिक संदेशों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया जा सकता है।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में डॉ. रेनू पालीवाल, डॉ. अंजू शर्मा, गीता शर्मा, सुमित्रा जोशी, अधिवक्ता ऋतु सारस्वत, रुचि श्रीमाली, डॉ. किशोरीलाल शर्मा एवं विकास छाजेड़ सहित अन्य उपस्थित रहे। सदस्यों ने कार्यक्रम को लेकर अपने विचार व्यक्त किए तथा व्याख्यानमाला को समाजोपयोगी एवं प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम में देहदान करने वाले परिवारों के सम्मान के साथ अंगदान एवं देहदान जागरूकता संदेश तथा भारतीय संविधान की चित्र सहित विशेष प्रदर्शनी भी प्रमुख आकर्षण रहेगी। इसके साथ ही विभिन्न प्रकाशकों एवं लेखकों का साहित्य भी उपलब्ध रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता