हाईवे पर कंटेनर से टकराई हरियाणा रोडवेज बस

 


कोटपूतली, 13 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली-जयपुर हाईवे-48 पर कंवरपुरा गांव के पास गुरुवार शाम जयपुर से रेवाड़ी जा रही हरियाणा रोडवेज की बस आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। हादसे में बस सवार 14 यात्री घायल हो गए। घायलों में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

कोटपूतली थाना अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ। टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर हाईवे पेट्रोल पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

घायलों में सुल्तान सिंह (72), वीर सिंह (35), मुकेश (30), मुस्कान (19), शकुंतला (65), जगदीश (60), मनीषा (29), ममता (30), अभिषेक (32), सोनू (24), संदीप (20), वर्षा (21), हंसराज (41) और रामकृष्ण (55) शामिल हैं। कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आने की जानकारी है। हालांकि, हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं है।

दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का जायजा लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बस के आगे चल रहे कंटेनर से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बस चालक ने समय पर ब्रेक लगाया था या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश