हरियाली अमावस्या पर छाया धार्मिक उल्लास, मंदिरों में उमड़ी भीड़
जोधपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास की अमावस्या तिथि बुधवार को हरियाली अमावस्या के रूप में विशेष धार्मिक एवं पर्यावरणीय चेतना के साथ मनाई गई। इस दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
धार्मिक आस्था, पर्यावरण संरक्षण और पौराणिक परंपराओं के संगम का पर्व हरियाली अमावस्या जोधपुरवासियों की ओर से विशेष श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया गया। शहर के विभिन्न कॉलोनियों और मोहल्लों से भोगिशैल पर्वतों पर स्थित धार्मिक स्थलों की परंपरागत परिक्रमा के लिए विशेष बस यात्राओं का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना, हवन और विविध धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
बाईजी का तालाब स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर में मंदिर कमेटी की ओर से मंदिर कमेटी के संरक्षक रामेश्वरलाल हर्षवाल, अध्यक्ष सुरेश शर्मा व मंदिर कमेटी सदस्य मिश्रीलाल कुलरिया, रामदयाल जादम, प्रेमप्रकाश जायलवाल, हुकमाराम झिलोया, तरूण करल सहित अनेक सदस्यों की मेजबानी में सभी की सुख-समृद्धि की मंगल कामनार्थ हवन और मासिक बैठक का आयोजन हुआ।
वहीं शहर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए रातानाडा स्थित श्री कृष्ण मंदिर ट्रस्ट और महिला मण्डली ने पुजारी हरिभाई गोस्वामी के सानिध्य में हरियाली अमावस्या, पर सुबह प्रभात फेरी निकाली, जिसमें हाथों में रंग-बिरंगे पोस्टर और तख्तियां लेकर महिलाओं व बच्चों ने नारे लगाते हुए क्षेत्र का भ्रमण किया और आम जनता को प्रकृति से जुडऩे और पेड़ लगाओ पर्यावरण बचाओ के जागरूकता का संदेश दिया।
पूज्य झूलेलाल मंदिर विकास समिति सोजती गेट जोधपुर एवं बाबा नारूमल मंडली के संयुक्त तत्वाधान में प्रत्येक माह की अमावस्या एवं पूर्णिमा पर भोजन प्रसादी का आयोजन किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष भगवान मुरझानी ने बताया आज अमावस्या पर समाज सेवा एवं मानव कल्याण की भावना को देखते हुए रेलवे स्टेशन के बाहर आम भंडारे के रूप में सात्विक भोजन प्रसादी का वितरण किया गया। बाबा नारुमल मंडली के प्रमुख बाबा जयरामदास ने कहा कि सेवा और परोपकार ही भगवान झूलेलाल की सच्ची आराधना है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश