रविवार से शुरू होगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में निकलेगी राज्यस्तरीय तिरंगा रैली

 


जयपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 'हर घर तिरंगा' अभियान-2026 का शुभारंभ 9 अगस्त रविवार से होगा। अभियान के प्रथम दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जयपुर में राज्य स्तरीय तिरंगा रैली निकाली जाएगी। रैली की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला कलेक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में अल्बर्ट हॉल म्यूजियम में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला कलेक्टर ने बताया कि राज्य स्तरीय तिरंगा रैली 9 अगस्त को सुबह 9.30 बजे अल्बर्ट हॉल से रवाना होकर सांगानेरी गेट, त्रिपोलिया गेट होते हुए बड़ी चौपड़ तक निकाली जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि रैली का आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ किया जाए तथा अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने संबंधित विभागों को रैली मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने के लिए कहा।

जिला कलेक्टर ने बताया कि अभियान के तहत 9 अगस्त को जिले के सभी ग्राम एवं वार्ड स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तिरंगा रैलियां निकाली जाएंगी, नागरिकों को अभियान की शपथ दिलाई जाएगी तथा सार्वजनिक स्थलों पर भजन एवं देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान से जोड़ना तथा देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने जिलेवासियों से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील भी की।

समीक्षा बैठक में पुलिस, नगर निगम, जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए), जिला परिषद, शिक्षा, परिवहन, पर्यटन, खेल, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर तैयारियों की समीक्षा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश