गुरूवार को हनुमान जन्मोत्सव : गूंजेगी हनुमान चालीसा की चौपाइयां
जोधपुर, 01 अपै्रल (हि.स.)।चैत्र शुक्ल पूर्णिमा पर गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। इस दौरान शहर के सभी हनुमान मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे।
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पाल बालाजी मंदिर में सुंदरकांड सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। मंदिर के पुजारी ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव पर सुबह ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद हनुमानजी का पंचामृत से स्नान व विशेष श्रृंगार किया जाएगा। सुबह 11 बजे सुंदरकाण्ड व सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ होगा। इसके साथ ही हनुमानजी को 51 सवामणी का भोग लगाया जाएगा व फिर सभी भक्तों को प्रसाद वितरण किया जाएगा। इस दौरान मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जाएगा और आकर्षक रोशनी की जाएगी।
ज्वाला विहार स्थित बालाजी मंदिर :
वहीं ज्वाला विहार स्थित बालाजी मंदिर में सुबह शिखर पर ध्वजा चढ़ाई चढ़ाई जाएगी। माल्यार्पण के बाद भोग अर्पित किया जाएगा। शाम को बालाजी के नाम एक शाम का आयोजन और सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। माया देवी के सान्निध्य में आरती होगी। इस अवसर पर उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले सेवादारों का सम्मान किया जाएगा।
रातानाडा श्री इच्छापू्र्ण बालाजी मंदिर :
रातानाडा शिव मंदिर रोड श्रीराम चौराहा स्थित श्री इच्छापू्र्ण बालाजी मंदिर को आकर्षक फूलमंडली व विशेष रोशनी से सजाया जाएगा और बालाजी की प्रतिमा का अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। शाम पांच बजे सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा व 21 किलो लड्डू का भोग लगाकर संध्या आरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा।
रातानाडा पुरानी लोको स्थित श्री हनुमान मंदिर में श्री हनुमान मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से मंदिर सेवक पंडित ओमप्रकाश श्रीमाली महाराज के सान्निध्य में हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाएगा। मंदिर को आकर्षक फूलमंडली व विशेष रोशनी से सजाया जाएगा और श्री हनुमान व देव प्रतिमाओं का मनोरम श्रृंगार किया जाएगा।
सिटी पुलिस पंचमुखी बालाजी मंदिर :
पंचमुखी बालाजी मंदिर सिटी पुलिस क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से अखंड रामायण पाठ एवं संकीर्तन मंडल द्वारा भक्ति रस से भरपूर आयोजन रखा गया है। कार्यक्रम की शुरुआत आरती के साथ होगी। सुबह आइ बजे अखंड पाठ प्रारंभ किया जाएगा, जिसका समापन तीन अप्रैल को सुबह नौ बजे पूर्ण आरती के साथ होगा। शास्त्री नगर सेक्टर ए स्थित शनिधाम में श्री हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन चमत्कारी दक्षिण मुखी वीर हनुमान का महाभिषेक, बागा, चोला, पोशाक धारण करवाई जाएगी। शाम 5 बजे सामूहिक सुन्दरकाण्ड पाठ होगा। पृथ्वीराज नगर विकास समिति द्वारा संचालित श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शाम को संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।
सोहम आश्रम में हनुमान जन्मोत्सव :
सिवांची गेट सोहमगढ़ स्थित सतगुरु देव भगवान सोहम आश्रम में हनुमान जन्मोत्सव पर सुबह ध्वजारोहण, सोहम बाबा और रामभक्त हनुमान की तस्वीर पर माल्यार्पण और विधिवत पूजा अर्चना के बाद प्रसादी एवं सोहम भजन मंडली द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।जागरूक युवा फोर्स समिति की ओर से श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर हनुमान चौक जालप मोहल्ला में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर सायंकाल महाआरती के पश्चात महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
गोवर्धन तालाब श्री हनुमानगढ़ मंदिर :
चांदपोल गोवर्धन तालाब स्थित श्री हनुमानगढ़ मंदिर में सुबह श्रृंगार, फूलमंडली तथा शाम को आरती के बाद महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार चांदपोल के बाहर स्थित संकट हरण बालाजी मंदिर में निशुल्क पाठ के 26 वर्ष पूर्ण होने पर गुरुवार को सायं 5 बजे से सुन्दरकाण्ड पाठ के बाद महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। रसाला रोड शेखावतजी का तालाब स्थित श्री बालाजी मंदिर में मारुति नंदन को चूरमे के लड्डू और रोट का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। साथ ही हर वर्ष की भांति इस बार भी सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा। घोड़ों का चौक सोजतियां घाचियों का बास स्थित श्री सिद्ध मनोकामना पूर्ण बालाजी मंदिर मेंदोपहर दो बजे से विजय भारती महाराज के सान्निध्य में संगीतमय रामचरित मानस एवं सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। रात्रि आठ बजे बालाजी आरती के पश्चात भक्तों में प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
झूलेलाल महल सीएचबी में हनुमान जन्मोत्सव :
झूलेलाल महल चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में भी हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाएगा। पंचायत अध्यक्ष प्रभु ठारवानी व महिला मंडल की काजल भूलचंदानी ने बताया कि दोपहर बारह बजे जब हनुमानजी का का जन्म हुआ था ठीक उसी वक्त जन्मोत्सव पंडित कमलेश तिवारी के सानिध्य में मनाया जाएगा। कार्यक्रम पूज्य सिंधी पंचायत व पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत अध्यक्ष राम तोलानी, महासचिव लक्ष्मण खेतानी, महेश खेतानी, पूनम मोतियानी की देख देख में संपन्न होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश